बरेली : यू-ट्यूबर साक्षी मिश्रा पर सीसीटीवी कैमरों से रखी जा रही नजर

Amrit Vichar Network
Edited By Pradeep Kumar
On

ससुराल वालों पर लगाया आरोप, विरोध पर दी जान से मारने की धमकी, चार के खिलाफ रिपोर्ट

बरेली, अमृत विचार: इज्जतनगर थाना क्षेत्र की रहने वाली चर्चित यू-ट्यूबर साक्षी मिश्रा ने एक बार फिर अपने ससुरालवालों पर वाइस रिकार्डिंग वाले सीसीटीवी कैमरा लगा कर नजर रखने का आरोप लगाया। साथ ही विरोध करने पर ससुराल वालों ने गालीगलौज कर जान से मारने की धमकी दिया। पुलिस ने ससुर, जेठ, चचिया ससुर और ददिया सास के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

थाना क्षेत्र के वीर सावरकर नगर निवासी साक्षी मिश्रा ने बताया कि उनके ससुर हरीश कुमार उर्फ हरीश नायक, जेठ अभिषेक कुमार, चचिया ससुर शील कुमार और ददिया सास सुशीला लगातार उन्हें और उनके पति अजितेश कुमार को पुराने मुकदमों में समझौता करने का दबाव बना रहे हैं। इतना ही नहीं आरोप है कि उनके कमरे के बाहर ऑडियो रिकॉर्डिंग वाले सीसीटीवी कैमरे लगवाए गए हैं, जिससे उनकी गतिविधियों पर नजर रखी जा सके। वह इस बारे में पुलिस से भी शिकायत कर चुकी हैं। मगर अभी तक कैमरे नहीं हटाए गए।

आरोप है कि 20 अगस्त की शाम पति अजितेश ने कैमरे लगाने का विरोध किया तो ससुर हरीश नायक और दादी सास सुशीला भड़क उठे। दोनों ने गालीगलौज कर उन पर हमला करने का प्रयास किया। साथ ही धमकी दी कि जल्द ही दोनों का इंतजाम करेंगे। इसके लिए चाहे उन लोगों को जेल जाना पड़े। साक्षी ने ददिया सास पर अश्लील शब्दों के इस्तेमाल का भी आरोप लगाते हुए ऑडियो रिकॉर्डिंग होने का भी दावा किया है। पुलिस ने मामले में रिपोर्ट दर्ज कर लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है।

संबंधित समाचार