इटावा में लापरवाही पर क्यूआरटी प्रभारी समेत दो पुलिसकर्मी निलम्बित, जानें पूरा मामला
इटावा। उत्तर प्रदेश के इटावा में कोतवाली इलाके में भाजपा जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदर्शन के दौरान हुए पथराव की घटना में लापरवाही पर क्यूआरटी प्रभारी समेत दो पुलिस कर्मी निलम्बित किए गए है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने मंगलवार को बताया कि सोमवार को भारतीय जनता पार्टी के कांग्रेस कार्यालय के बाहर हुए पथराव में ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मियों की लापरवाही सामने आई है।
जिन पुलिस कर्मियों की ड्यूटी नगर पालिका चौराहे पर लगाई गई थी वह अपनी ड्यूटी से नदारत पाए गए हैं जिसके कारण सब इंस्पेक्टर केके यादव और क्यूआरटी प्रभारी प्रवीण कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। प्रभारी निरीक्षक कोतवाली यशवंत सिंह की ओर से मिली रिपोर्ट के आधार पर निलंबन की कार्रवाई की गई है।
पथराव के आरोपी कांग्रेस अध्यक्ष समेत नौ को जेल
उत्तर प्रदेश में इटावा के मुख्य न्यायाधीश मजिस्ट्रेट अश्विनी कुमार ने पथराव के आरोपी कांग्रेस जिलाध्यक्ष समेत नौ कांग्रेसियों को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। ज्येष्ठ अभियोजन अधिकारी उदय श्याम तिवारी ने मंगलवार को बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां के अपमान के नाम पर भारतीय जनता पार्टी के प्रदर्शन के दौरान पथराव के आरोपी कांग्रेस से जिला अध्यक्ष आशुतोष दीक्षित समेत नौ लोगों को भारतीय जनता पार्टी की महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष श्रीमती बिरला शाक्य की प्राथमिक के आधार पर संगीन धाराओं का आरोपी बनाया गया था।
कोतवाली पुलिस ने आज सभी को मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट अश्विनी कुमार की अदालत में पेश किया। पक्ष एवं विपक्ष की बहस के बाद मुख्य न्यायाधीश मजिस्ट्रेट ने जमानत संबंधी प्रक्रिया को रद्द कर दिया है जिसके बाद सभी आरोपियों को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। सभी को इटावा जिला जेल में दाखिल कर दिया गया है।
गौरतलब है कि सोमवार को इटावा मुख्यालय स्थित कांग्रेस कार्यालय के बाहर प्रदर्शन के दौरान भारतीय जनता पार्टी के समर्थकों पर पथराव की घटना को लेकर के पार्टी की महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष श्रीमती बिरला शाक्य की ओर से कोतवाली इटावा में कांग्रेस जिला अध्यक्ष आशुतोष दीक्षित, पूर्व जिला अध्यक्ष मलखान सिंह यादव, नगर अध्यक्ष मोहम्मद राशिद, पूर्व नगर अध्यक्ष पल्लव दुबे, प्रदेश सदस्य प्रशांत तिवारी, पूर्व विधानसभा प्रत्याशी कोमल सिंह कुशवाहा, विपिन कुशवाहा,आसिफ जारदान और अमित त्रिपाठी समेत 20 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था।
इस मामले में कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कांग्रेस कार्यालय से कांग्रेस जिला अध्यक्ष आशुतोष दीक्षित, पूर्व जिला अध्यक्ष मलखान सिंह यादव, नगर अध्यक्ष मोहम्मद राशिद, पूर्व नगर अध्यक्ष पल्लव दुबे, प्रदेश सदस्य प्रशांत तिवारी, पूर्व विधानसभा प्रत्याशी कोमल सिंह कुशवाहा, विपिन कुशवाहा,आसिफ जारदान और अमित त्रिपाठी को गिरफ्तार कर लिया था । दर्ज मुकदमे में बिरला शाक्य की ओर से यह भी कहा गया था कि पथराव की घटना में करीब पांच लोग घायल हुए है।
