UP : बारिश का कहर...दीवार गिरने से मलबे में दबा बुजुर्ग दंपती, महिला की मौत

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

इस्लामनगर, अमृत विचार। पिछले दो दिन से हुई बारिश की वजह से हादसे हो रहे हैं। कच्ची दीवारें और मकान गिर रहे हैं। रविवार को आकाशीय बिजली से किशोर की मौत हुई। सोमवार को बिसौली क्षेत्र में मकान गिरने से महिला की मौत के बाद मंगलवार सुबह इस्लामनगर क्षेत्र के गांव में दीवार गिर गई। बुजुर्ग दंपती मलबा में दब गए। हादसे में महिला की मौत हो गई जबकि उनके पति की हालत गंभीर है। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। राजस्व विभाग की टीम ने मौका मुआयना किया। 

इस्लामनगर थाना क्षेत्र के गांव नसरोल निवासी किशन लाल (75) के तीन बेटे गांव में मकान में रहते हैं। वह झोपड़ी डालकर अलग रह रहे थे। झोपड़ी की दीवारें गारे की थी जबकि दीवार के ऊपरी हिस्से में सिर्फ ईंटे ही लगी थीं। सोमवार रात वह अपनी पत्नी दुलारो देवी (70) के साथ झोपड़ी में चारपाई डालकर सो रहे थे। मंगलवार सुबह बारिश हो रही थी। इसी दौरान झोपड़ी की दीवार की ईटें उनके ऊपर गिर गईं। तेज आवाज सुनकर परिजन और ग्रामीण पहुंचे। मलबा हटाया गया। 

दुलारो देवी की मौके पर ही मौत हो चुकी थी जबकि किशन लाल गंभीर रूप से घायल थे। दोनों को अस्पताल ले जाया गया। जहां चिकित्सक ने महिला की मौत की पुष्टि कर दी। घायल को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। महिला की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंचे थाना प्रभारी नरेश पाल सिंह ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। तहसील की टीम ने मौका मुआयना किया।

संबंधित समाचार