रीलबाजी पड़ी भारी : अवैध तमंचे संग बना रहा था रील, लोड करते वक्त गोली चलने से युवक घायल
बिलारी,अमृत विचार। सोशल मीडिया पर रील बनाकर भोकाल बनाने के चक्कर में तमंचा लोड करते वक्त युवक के हाथ में गोली लग गई जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। युवक को मुरादाबाद के निजी अस्पताल में इलाज के लिए ले जाया गया। वहां से परिजन हरियाणा में उसके पिता के पास ले गए। पुलिस ने मामले में जांच शुरू कर दी है।
कोतवाली क्षेत्र के गांव मकरंदपुर निवासी युवराज सैनी अपने दोस्त कनोबी गांव निवासी रोहित राजपूत के साथ शुगर मिल के पास तमंचे के साथ रील बना रहा था। युवराज ने अवैध तमंचे को लोड किया तभी गोली चल गई जिससे उसका हाथ लहूलुहान हो गया। रोहित और आसपास के लोग उसे अस्पताल लेकर पहुंचे।
इसके बाद परिजन युवराज को मुरादाबाद के एक निजी अस्पताल में लेकर पहुंचे। वहां से परिजन उसे हरियाणा के हिसार ले गए। जानकारी के मुताबिक युवराज के पिता हिसार में काम करते हैं। युवराज कुछ दिन पहले ही अपने गांव आया था। कोतवाली प्रभारी उदय प्रताप ने बताया कि पुलिस पहुंची तब तक घायल और उसका दोस्त मुरादाबाद चले गए थे। मामले में जांच शुरू कर दी गई है।
