मौलाना का विवादित बयान : हम सब आदम की संतान...इसलिए धीरेंद्र शास्त्री भी मुसलमान
बरेली, अमृत विचार। बागेश्वर धाम वाले बाबा पंडित धीरेंद्र शास्त्री पर मौलाना शहाबुद्दीन रजवी ने पलटवार किया है। उनके भारत को हिंदू राष्ट्र बनाने और भारत के मुसलमानों को नकली मुसलमान बताने वाली बात पर कहा कि पंडित धीरेंद्र शास्त्री आरएसएस के खिलाफ जाकर भारत को हिंदू राष्ट्र बनाना चाहते हैं। वह भारत के मुसलमानों को नकली बताते हैं। लेकिन उन्हें पता होना चाहिए कि दुनिया के किसी भी धर्म का व्यक्ति हजरत आदम की औलाद हैं। पंडित धीरेंद्र शास्त्री भी आदम की संतान हैं।
मौलाना शहाबुद्दीन ने कहा कि धीरेंद्र शास्त्री एक अलग लय में बह रहे हैं। वह कहते हैं कि भारत में नकली मुसलमान है और विदेशों में असली मुसलमान है। उन्होंने असली और नकली की पहचान कैसे की उन्हें बताना चाहिए। दरअसल हकीकत ये है कि दुनिया में सबसे पहले कोई इंसान आया तो वो हजरत आदम थे। दुनिया में चाहे किसी भी मजहब के मानने वाले लोग हों वो हजरत आदम की औलाद हैं। धीरेंद्र शास्त्री भी आदम की संतान हैं। जबकि हजरत आदम मुसलमान थे, ऐसे में उनकी औलादों को क्या कहेंगे। पंडित धीरेंद्र शास्त्री को क्या कहा जाएगा।
मौलाना ने कहा कि ये कैसे तय किया जाए कि असली कौन है और नकली कौन है। असल में जो नकली होता है वही फर्क करता है और शोर मचाकर इस तरह की बाते करता है। जो असली लोग होते हैं वो अपनी जुबान से एक लफ्ज नहीं निकालते हैं। भारत के जितने मुसलमान हैं, शरीयत और इस्लाम के उसूलों की पाबंदी करते हैं। विदेश के मुसलमान भी इतनी पाबंदी नहीं करते। यही पाबंदी धीरेंद्र शास्त्री को चुभती और खटकती है।
