शाहजहांपुर : नल की सरिया हाईटेंशन लाइन से टकराया, करंट लगने से दो लोगों की मौत

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कलान, अमृत विचार। थाना क्षेत्र के गांव तिलौआ में सोमवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। यहां नल की सरिया ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्टेज की विद्युत लाइन से टकरा गई। करंट लगने से दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना से पूरे गांव में मातम छा गया।

गांव तिलौआ निवासी सत्यवीर (35) पुत्र मुंशी अपने घर के नल की खराबी के कारण सोमवार सुबह करीब छह बजे उसकी सरिया निकाल रहे थे। सरिया की लंबाई 35 से 40 फीट थी। जिस जगह पर सत्यवीर सरिया निकाल रहे थे, उसके ऊपर से बिजली की हाईटेंशन लाइन गुजर रही थी। सरिया निकालते समय वह बिजली लाइन पर ध्यान ही नहीं दे पाए और सरिया ऊपर उठाते चले गए। जैसे ही सरिया ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की विद्युत लाइन से छूई करंट दौड़ गया और सत्यवीर की मौके पर ही मौत हो गई। 

यह लाइन वाराकला से गांव की तरफ आ रही थी। इसी दौरान समीपवर्ती गांव बारा खुर्द निवासी कमलदेव (34) पुत्र वासुदेव अपने खेत देखने के लिए तिलौआ आए थे। वह उसी स्थान पर मौजूद थे। सरिया उनसे भी छू गई, जिससे वे भी करंट की चपेट में आ गए और उनकी भी मौके पर मौत हो गई। 

हादसे की सूचना मिलते ही घरों में कोहराम मच गया। मृतक सत्यवीर की पत्नी आरती, पुत्री प्रियंका (8 वर्ष) और पुत्र अंशुल (6 वर्ष) का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं मृतक कमलदेव अविवाहित थे और अपने भाइयों में सबसे छोटे बताए जाते हैं। घटना की जानकारी पाकर वाराकला पुलिस चौकी प्रभारी प्रदीप सिंह रावत पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और परिजनों को ढांढस बंधाया।

संबंधित समाचार