रामपुर : नियमों का उल्लंघन करने वाले 19 पेट्रोल पंपों को नोटिस जारी

Amrit Vichar Network
Edited By Pradeep Kumar
On

पूर्ति विभाग ने जिले के 112 पेट्रोल पंपों की जांच की

रामपुर, अमृत विचार: शासन के निर्देश पर जिलाधिकारी जोगिंदर सिंह के निर्देशन में नो हेलमेट नो फ्यूल और बेबी फीडिंग रूम सहित जनपद के सभी  पेट्रोल पंपों पर विशेष अभियान चल रहा है। पूर्ति विभाग के अधिकारियों ने जिले के 112 पेट्रोल पंपों की जांच की, इनमें नियमों की अनदेखी करने वाले 19 पेट्रोल पंपों को नोटिस जारी किए हैं।

जिला पूर्ति अधिकारी पूरन सिंह चौहान ने बताया कि यह अभियान क्षेत्रीय खाद्य अधिकारियों व पूर्ति निरीक्षकों द्वारा चलाया जा रहा है। जिसमें 5 पेट्रोल पंपों पर बेबी फीडिंग रूम नहीं पाया गया। 14 पेट्रोल पंपों पर बेबी फीडिंग रूम की स्थिति ठीक नहीं पाई। इसके अतिरिक्त 4 पेट्रोल पंपों पर बिना हेलमेट के तेल दिया जा रहा था। उन्होंने बताया कि इनमें कुछ ऐसे पेट्रोल पंप भी हैं जिनमें सभी प्रकार की कमियां पाई गई। कुल 19 पेट्रोल पंपों को डीजल कंट्रोल ऑर्डर 1981 के सुसंगत प्रावधानों के अंतर्गत नोटिस जारी की गई है। जिला पूर्ति अधिकारी ने बताया कि संतोषजनक जवाब प्राप्त न होने की स्थिति में संबंधित पेट्रोल पंप पर नियमानुसार कार्रवाई करते हुए सिक्योरिटी मनी पूर्ति विभाग द्वारा जब्त कर ली जाएगी। इसके बाद भी नियमों का पालन न करने और पेट्रोल पम्पों पर अनियमितता पाये जाने पर जिला पूर्ति अधिकारी द्वारा डीजल बिक्री के लाइसेंस निलंबन की कार्रवाई की जाएगी।

संबंधित समाचार