बदायूं : ससुराल से घर जा रहे युवक की सड़क हादसे में मौत
इस्लामनगर, अमृत विचार। ससुराल से अपने गांव लौट रहे युवक की सड़क हादसे में मौत हो गई। ससुराल से लौटते समय चंदौसी मार्ग पर किसी वाहन ने युवक की बाइक को टक्कर मार दी थी। युवक की मौत के बाद परिजनों में चीत्कार मच गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
जिला रामपुर के शाहबाद निवासी लवलेश (20) पुत्र कोमिल मंगलवार को अपनी ससुराल से इस्लामनगर से अपने घर शाहबाद बाइक से जा रहे थे। चंदोई गांव के नौ नंबर ट्यूबवैल के पास किसी वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में वह सड़क पर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की भीड़ जमा हो गई।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। घायल को रुदायन के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मृतक के परिजनों को सूचना देकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। मौत के बाद परिजनों में कोहराम मचा है। पुलिस टक्कर मारने वाले वाहन की तलाश कर रही है।
पेड़ से टकराई बाइक, युवक की मौत, फुफेरा भाई घायल
उघैती थाना क्षेत्र के गांव गंदरौली निवासी वीरेश (30) पुत्र मुन्ना लाल अपने भाई गांव राजथल निवासी रामौतार (28) पुत्र चंद्रपाल बाइक से गांव बझांगी जा रहे थे। जहां तेरहवीं की दावत थी। रास्ते में उनकी बाइक अनियंत्रित हो गई और पेड़ से टकरा गई। हादसे में वीरेश की मौक पर मौत हो गई और रामौतार गंभीर रूप से घायल हो गए। ग्रामीणों ने दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा। जहां चिकित्सक ने वीरेश की मौत की पुष्टि कर दी। वहीं रामौतार को मुरादाबाद रेफर किया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
