बड़े आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़...कई राज्यों में छापेमारी के बाद दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तार किये तीन संदिग्ध 

Amrit Vichar Network
Edited By Anjali Singh
On

दिल्ली। दिल्ली पुलिस के विशेष प्रकोष्ठ और केंद्रीय एजेंसियों द्वारा कई राज्यों में समन्वित छापेमारी के बाद एक आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया गया और तीन संदिग्ध आतंकवादियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस सूत्रों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। एक सूत्र ने बताया कि मुंबई निवासी दो संदिग्धों आफताब और सूफियान को दिल्ली से गिरफ्तार किया गया, जबकि अन्य आरोपी अशर दानिश को रांची से पकड़ा गया। 

यह छापेमारी खुफिया जानकारी मिलने के बाद की गई, जिसमें संकेत मिला था कि एक मॉड्यूल देश में बड़े आतंकवादी हमले की योजना बना रहा है। कई स्थानों पर तलाशी के दौरान हथियार, रसायन और ‘इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस’ (आईईडी) बनाने में प्रयुक्त सामग्री बरामद की गई। सूत्र ने बताया, ‘‘पुलिस दलों ने आईईडी बनाने में इस्तेमाल होने वाले पुर्जे और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए हैं। 

सोडियम बाइकार्बोनेट समेत कई रसायन, गैस मास्क, बिजली के केबल, फ्यूज प्वाइंट, तार और अन्य बिजली के उपकरण जब्त किए गए हैं।’’ रांची में दानिश के ठिकाने पर छापेमारी में रसायन और अन्य सामग्री बरामद हुई, जिनका इस्तेमाल विस्फोटक बनाने में होने का संदेह है। 

सूत्र ने कहा, ‘‘प्रारंभिक जांच से पता चलता है कि मॉड्यूल अपने संचालकों के संपर्क में था और बड़े पैमाने पर हमले की तैयारी कर रहा था।’’ गिरफ्तार संदिग्धों से उनके नेटवर्क, वित्त पोषण और संभावित ठिकानों का पता लगाने के लिए पूछताछ जारी है। 

केंद्रीय एजेंसियां ​​अब उनके संपर्कों और संभावित अंतरराष्ट्रीय संबंधों का पता लगाने के लिए उनसे जब्त डिजिटल उपकरणों का विश्लेषण कर रही हैं। पुलिस ने कहा कि इन गिरफ्तारियों से देश में संभावित आतंकवादी हमले को रोका गया है।

ये भी पढ़े : काशी दौरे पर आ रहे पीएम मोदी..मॉरीशस के पीएम से करेंगे द्विपक्षीय बातचीत, जानिए पूरा कार्यक्रम

संबंधित समाचार