बलरामपुर में प्रेमी संग मिलकर पत्नी ने उतारा पति को मौत के घाट, मासूम बच्चों ने दादा को सुनाई खौफनाक दास्तां

Amrit Vichar Network
Edited By Anjali Singh
On

बलरामपुर, अमृत विचार। जिले के श्रीदत्तगंज थाना क्षेत्र के ग्राम कंचनपुर मौजा गिद्धौर में बुधवार शाम एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। पत्नी ने अपने प्रेमी संग मिलकर पति की हत्या कर दी। इस घटना का सबसे भयावह पहलू यह रहा कि मृतक के मासूम बच्चों ने अपनी आंखों से पिता की हत्या होते देखी और रोते-बिलखते दादा के पास जाकर पूरी घटना बताई।

मृतक की पहचान राकेश तिवारी पुत्र बेचई राम तिवारी के रूप में हुई है। तहरीर में बेचई राम तिवारी ने बताया कि घटना के वक्त वह अपने दूसरे घर बरगदही में मौजूद थे। अचानक उनका 9 वर्षीय नाती कृष्ण तिवारी और 5 वर्षीय नातिन पलक तिवारी रोते हुए उनके पास पहुंचे और कहा कि “पापा को मम्मी और एक आदमी मार रहे हैं।”

सूचना मिलते ही बेचई राम तिवारी तुरंत राकेश तिवारी के घर पहुंचे। भीतर जाकर देखा तो उनका पुत्र तख्त पर अचेत पड़ा था। हिलाने-डुलाने पर भी कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली और उसकी मौत हो चुकी थी। बेचई राम तिवारी ने आरोप लगाया कि उनकी बहू का अपने मायके दुविहा थाना धानेपुर (जिला गोंडा) के दीपक और प्रदीप नामक युवकों से अवैध संबंध था। इन्हीं में से प्रदीप के साथ मिलकर उसकी बहू ने राकेश तिवारी की हत्या कर दी।

घटना की सूचना पर श्रीदत्तगंज पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने पिता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया है और मामले की गंभीरता से जांच शुरू कर दी है। इस वारदात से पूरे गांव में सनसनी फैल गई है।

ये भी पढ़े : त्योहारों पर योगी सरकार का बड़ा तोहफा:दशहरा-छठ पर लखनऊ से चलेंगी स्पेशल ट्रेन, इन दिन से शुरू होगी सुविधा

संबंधित समाचार