बरेली: आंगनबाड़ी केंद्रों की बदली किस्मत, 75 स्कूलों में बने पार्क

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अमृत विचार, बरेली। ऑपरेशन मुस्कान ने आंगनबाड़ी केंद्रों की किस्मत बदल दी। जिलाधिकारी नितीश कुमार के निर्देशन में ऑपरेशन मुस्कान के जरिये ग्रामीण क्षेत्रों के 1000 आंगनबाड़ी केंद्रों का जीर्णोद्धार के साथ सौंदर्यीकरण भी कराया गया है। इसके साथ 75 परिषदीय विद्यालयों में मनरेगा पार्क व खेल मैदान समेत अन्य कार्य भी कराये गये हैं। …

अमृत विचार, बरेली। ऑपरेशन मुस्कान ने आंगनबाड़ी केंद्रों की किस्मत बदल दी। जिलाधिकारी नितीश कुमार के निर्देशन में ऑपरेशन मुस्कान के जरिये ग्रामीण क्षेत्रों के 1000 आंगनबाड़ी केंद्रों का जीर्णोद्धार के साथ सौंदर्यीकरण भी कराया गया है। इसके साथ 75 परिषदीय विद्यालयों में मनरेगा पार्क व खेल मैदान समेत अन्य कार्य भी कराये गये हैं। गुरुवार को विकास भवन में आयोजित कार्यक्रम में सभी कार्यों का भव्य लोकार्पण किया गया। सांसद धर्मेंद्र कश्यप, विधायक बहेड़ी छत्रपाल गंगवार, विधायक फरीदपुर डॉ श्याम बिहारी व जिलाधिकारी ने दीप प्रज्ज्वलित कर मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर लोकार्पण किया।

इस मौके पर सांसद धर्मेंद्र कश्यप ने कहा कि ऑपरेशन मुस्कान के तहत जो कार्य किए जा रहे हैं, वे प्रशंसा योग्य हैं। सरकार सबका साथ सबका विकास की नीति पर कार्य कर रही है। इससे चहुंओर विकास हो रहा है। पंडित दीनदयाल उपाध्याय का सपना था कि सबसे निचले स्तर पर बैठे व्यक्तियों को कैसे लाभ मिले। उनके सपने को साकार करने के उद्देश्य से विभिन्न योजनाएं संचालित की गईं। नए भारत में गांव की तस्वीर बदल रही है।

विधायक छत्रपाल गंगवार व विधायक डॉ श्याम बिहारी ने जिलाधिकारी नितीश कुमार को उनके द्वारा चलाए जा रहे ऑपरेशन मुस्कान के लिए धन्यवाद दिया। आशा व्यक्त की कि जनपद के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों, विद्यालयों की सूरत बदलेगी। जिसका लाभ विद्यार्थियों को मिलेगा। जिलाधिकारी ने बताया कि बच्चों के शारीरिक विकास के लिये 75 परिषदीय विद्यालयों में मनरेगा योजना एवं राज्य वित्त योजना से मनरेगा पार्क व खेल के मैदान बनवाए गये हैं।

कार्यक्रम के दौरान एलईडी के माध्यम से आंगनबाड़ी केंद्रों, विद्यालयों में तैयार किए गए पार्कों का वीडियो भी दिखाया गया। मुख्य विकास अधिकारी चंद्रमोहन गर्ग ने आंगनबाड़ी केंद्रों के जीर्णोद्धार और स्कूलों में बनाये पार्क के कार्य को ऐतिहासिक कार्य बताया। जिलाधिकारी की सृजनात्मक कार्यशैली की बदौलत ही इतने कम समय में ही इतने रचनात्मक कार्य सम्पन्न हुये हैं। कार्यक्रम में डीसी मनरेगा, जिला पंचायत राज अधिकारी धर्मेद्र कुमार, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, परियोजना निदेशक डीआरडी आदि अधिकारी मौजूद रहे।

प्रत्येक स्कूल में खोला जाएगा ओपन जिम

प्रत्येक ग्राम पंचायत में मनरेगा पार्क, खेल का मैदान व ओपन जिम का निर्माण कराया जाएगा। उनके अनुसार ऑपरेशन कायाकल्प के अंतर्गत बरेली के करीब डेढ़ हजार परिषदीय स्कूलों में आधुनिक साधन उपलब्ध कराए जा चुके हैं।

400 स्कूलों में किचन गार्डन तैयार करा रहे: डीएम

जिलाधिकारी ने कहा कि उनका प्रयास है कि बरेली के ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के परिषदीय स्कूल आदर्श स्कूल के रूप में पहचाने जाएं। उन्होंने स्कूलों और पंचायत भवनों आदि के जीर्णोद्धार का जो अभियान चलाया है, उसके सुखद परिणाम अवश्य प्राप्त होंगे। परिषदीय स्कूलों में शैक्षिक वातावरण में सुधार के लिये मनरेगा से स्कूलों की चहारदीवारी का निर्माण कराया जा रहा है। अध्ययनरत बच्चों को हरी, साग, सब्जी एवं ताजे फल उपलब्ध कराने के लिए 400 विद्यालयों में किचन गार्डन का निर्माण कराया जा रहा है।

संबंधित समाचार