UP : ई-केवाईसी न कराना पड़ा भारी, 3 लाख लोगों के नाम राशन कार्ड से निलंबित
शाहजहांपुर, अमृत विचार। जिले में ई-केवाईसी प्रक्रिया पूरी न कराने वाले राशनकार्ड धारकों पर पूर्ति विभाग ने बड़ा कदम उठाया है। जिले के 3 लाख राशनकार्ड यूनिट्स को निलंबित कर दिया गया है। इन यूनिट्स के कार्डधारकों को विभाग ने तीन माह की मोहलत दी है। इस अवधि में ई-केवाईसी पूरी न होने पर उनके राशनकार्ड निरस्त कर दिए जाएंगे।
जिलापूर्ति कार्यालय पिछले कई महीनों से प्रचार-प्रसार कर लोगों से ई-केवाईसी कराने की अपील करता रहा, लेकिन बड़ी संख्या में लोग अनदेखी करते रहे। परिणामस्वरूप कार्ड यूनिट्स का सत्यापन नहीं हो पा रहा था। अब विभाग ने सूची तहसील मुख्यालयों और कोटेदारों को उपलब्ध करा दी है। कार्रवाई के बाद प्रभावित यूनिट्स वाले लोग कोटेदारों की दुकानों पर जाकर ई-केवाईसी कराने लगे हैं, जिससे उन्हें पुनः खाद्यान्न वितरण का लाभ मिल सके।
जिले में फिलहाल 5 लाख 75 हजार राशन कार्ड और 21 लाख यूनिट्स दर्ज हैं। इनमें से 85-87 प्रतिशत लोगों ने ई-केवाईसी पूरी कर ली है, जबकि 13-14 प्रतिशत अब तक लंबित थे। इन्हीं पर कार्रवाई हुई है। नये कार्डधारकों को पहले ई-केवाईसी करानी होगी। खाद्य रसद विभाग ने स्पष्ट किया है कि अब नये जारी होने वाले राशनकार्ड धारकों को पहले ई-केवाईसी करानी होगी। उसके बाद ही उन्हें खाद्यान्न वितरण का लाभ मिल सकेगा। बिना ई-केवाईसी कोई भी नया राशनकार्ड मान्य नहीं होगा।
जनपद में 3 लाख राशन यूनिट्स निलम्बित किए गए हैं। उद्देश्य है कि पात्र-अपात्र की पहचान सुनिश्चित हो और यह भी स्पष्ट हो सके कि लाभार्थी जीवित हैं या नहीं। तीन माह की अवधि के भीतर ई-केवाईसी न कराने पर राशनकार्ड निरस्त कर दिए जाएंगे। सभी कार्डधारक शीघ्र किसी भी राशन दुकान पर जाकर ई-केवाईसी करा लें। किसी समस्या की स्थिति में तहसील पूर्ति कार्यालय या जिला पूर्ति कार्यालय से संपर्क करें।
चमन शर्मा, डीएसओ
