भाजपा की साजिशों से होशियार रहें सपा कार्यकर्ता, अखिलेश यादव ने पार्टी पदाधिकारियों को किया आगाह

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखनऊ। समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने पार्टी कार्यकर्ताओं को सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की 'साजिशों' के प्रति सावधान करते हुए उनसे 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की तैयारी में अभी से जुटने का आह्वान किया। अखिलेश यादव ने यहां पार्टी मुख्यालय में आगरा, मथुरा और हाथरस जिलों से आये पार्टी पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि सपा का लक्ष्य सामाजिक न्याय के राज की स्थापना करना है। 

उन्होंने कहा, ‘‘पीडीए (पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक) पंचायतों से समाज में जाग्रति हुई है और लोगों को उसकी ताकत का एहसास भी हुआ है। पीडीए की ताकत से भाजपा घबराई हुई है। उसे चुनाव में हार का डर दिखने लगा है।’’ सपा अध्यक्ष ने पार्टी कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे वर्ष 2027 में होने वाले उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की तैयारियों में अभी से जुट जाएं।  

अखिलेश यादव ने सपा कार्यकर्ताओं को भाजपा की 'साजिशों' के प्रति सावधान किया। उन्होंने कहा, ''भाजपा लोकतंत्र के विरुद्ध चुनावों में धांधली की योजना बनाने की रणनीति पर काम करने में जुट गई है। जनता 2027 में समाजवादी पार्टी की सरकार बनाने का मन बना चुकी है। बस, प्रत्येक कार्यकर्ता को सक्रिय, सतर्क और सावधान रहना होगा।'' 

उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा, ''सपा कार्यकर्ता और पदाधिकारी जनता के दुख दर्द में हमेशा साथ रहें। वे समाजवादी सरकार के विकास कार्यों की चर्चा जारी रखें और जमीन पर काम करते रहें। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे, मेट्रो रेल, समाजवादी पेंशन, लैपटॉप वितरण, एम्बुलेंस सेवा आदि प्रमुख योजनाओं के बारे में जनता को बताते रहें।'' 

अखिलेश यादव ने पार्टी कार्यकर्ताओं से अपील करते हुए कहा, ''एकजुट होकर परस्पर सहयोगी बनकर चुनाव में बूथ स्तर तक सफलता हासिल करनी है। भाजपा ने लूट की इंतिहा कर दी है। भ्रष्टाचार चरम पर है। लोग किसी भी तरह भाजपा सरकार से छुटकारा पाने के लिए व्याकुल हैं। जनता की खुशहाली तभी मिलेगी जब भाजपा जाएगी, समाजवादी सरकार आएगी। छात्र, नौजवान, व्यापारी, किसान खुशहाल होगा और बहन-बेटियों सुरक्षित होंगी।'' 

पूर्व मुख्यमंत्री ने मतदाता सूची में कोई गड़बड़ी नहीं होने देने पर विशेष ध्यान देने की जरूरत बतायी। उन्होंने कहा कि सपा कार्यकर्ताओं को वोट बनवाने, वोट डलवाने के साथ इस पर भी निगाह रखनी है कि अपने लोगों के वोट कटने न पाए। यादव ने कहा कि भाजपा मतदाता सूची में हेरफेर करके और मतदान में धांधली के जरिए लोकतांत्रिक व्यवस्थाओं की पवित्रता को नष्ट करके सत्ता हासिल करने की साजिश करती है। 

सपा प्रमुख ने कहा कि समाजवादी पार्टी के शासनकाल में आगरा, हाथरस एवं मथुरा के विकास के लिए तमाम योजनाएं शुरू की गई थी, जो भाजपा सरकार में अब बर्बाद हो गई हैं। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी का 2027 के चुनावों में इन तीनों जनपदों का अलग घोषणा पत्र होगा जिसमें नयी विकास योजनाओं की घोषणा होगी।  

संबंधित समाचार