Gonda News: सुप्रीम कोर्ट के TET फैसले के खिलाफ शिक्षक संघर्ष समिति ने कैसरगंज सांसद को सौंपा मांगपत्र, कहा- संशोधन के साथ निकाला जाए हल

Amrit Vichar Network
Edited By Muskan Dixit
On

गोंडा, अमृत विचार: परिषदीय स्कूलों में नियुक्त शिक्षकों के लिए टीईटी अनिवार्य किए जाने के सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद शिक्षक आंदोलन की राह पर हैं। नाराज शिक्षक इस फैसले में संशोधन कर उन्हे टीईटी की बाध्यता से मुक्त रखने की मांग कर रहे हैं। वहीं आज शिक्षक संघर्ष समिति के नेतृत्व में कई शिक्षक संगठनों ने एकजुट होकर कैसरगंज भाजपा सांसद करन भूषण को मांग पत्र सौंपा और अपनी बात को प्रधानमंत्री तक पहुंचाने तथा सुप्रीम कोर्ट में रिव्यू दाखिल कर इस फैसले में संशोधन कराने की मांग की। विबीटीसी शिक्षक वेलफेयर एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष अनूप सिंह का कहना है कि सुप्रीम कोर्ट ने जो फैसला दिया है वह न्यायसंगत नहीं है‌। वर्ष 2011 के पहले जब शिक्षकों की भर्ती हुई थी तो उस समय उन्होने जो भी भर्ती के नियम थे उनका पालन करते हुए नौकरी पाई थी। अब 15 साल बाद शिक्षकों पर टीईटी थोपना उचित नहीं है‌। 

शिक्षक संघर्ष समिति के संयोजक सतीश पांडेय ने कहा कि सरकार कहीं न कहीं सुप्रीम कोर्ट में शिक्षकों का पक्ष रखने में विफल रही है। उन्होने सांसद कैसरगंज से मिलकर उन्हे मांगपत्र सौंपा है और शिक्षकों का पक्ष प्रधानमंत्री के समक्ष रखने की मांग की है। अटेवा जिलाध्यक्ष अमर यादव ने कहा कि लाखों शिक्षकों के भविष्य को देखते हुए केंद्र सरकार अध्यादेश लाए‌। शिक्षक सत्यवान सिंह ने कहा कि भर्ती के समय शिक्षक   

सभी शर्तों को पूरा करने को बाद चयनित हुए थे। वह टीईटी देने से नही डरते लेकिन जो शिक्षक इंटर पास करने के बाद शिक्षक बने हैं उनके लिए यह बेहद मुश्किल है। ऐसे में यह आदेश न्यायसंगत नहीं है‌। संजीव मिश्रा ने कहा कि सरकार को इस फैसले के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में रिव्यू दाखिल करना चाहिए। 

मनोज पांडेय ने कहा शिक्षक अपनी लड़ाई मजबूती से लड़ेंगे‌। समिति के सह संयोजक गौरव पांडेय ने कहा यदि फैसले में बदलाव नहीं हुआ तो आगामी 17 सितंबर को शिक्षक गोंडा से लखनऊ के जीपीओ तक पैदल मार्च करेंगे।  सांसद कैसरगंज करन भूषण सिंह ने कहा कि उन्होने शिक्षकों की बात को सुना है। यह बड़ा मामला है‌। वह प्रधानमंत्री जी के समक्ष शिक्षकों की बात रखेंगे। उनका अहित नहीं होने दिया जायेगा। इस मौके पर रंजीत गौतम, पवन सिंह, राम प्रकाश मिश्रा, शिव पूजन कनौजिया, आजाद बेग, सुनील यादव, मनोज सिंह, आसिफ इकबाल,  हनुमंत लाल शुक्ला, विनोद यादव, जगन्नाथ चौरसिया, सौनक शुक्ला, सियाराम सरोज, पुनीत कुमार, अजीत कुमार, अखिलेश कुमार, रत्नेश द्विवेदी, संदीप मौर्या, हिमांशु शुक्ला समेत सैकड़ों अध्यापक मौजूद रहे।

यह भी पढ़ेंः लखनऊ एयरपोर्ट पर इंडिगो विमान का टेकऑफ फेल, बड़ा हादसा टला; सपा सांसद डिंपल यादव सहित 151 यात्री थे सवार

संबंधित समाचार