अमेठी पैरामेडिकल कॉलेज पर छात्राओं ने लगाया लाखों की ठगी का आरोप, थाने की किया घेराव, जानें पूरी मामला

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अमेठी। यूपी के अमेठी जिले में एक पैरामेडिकल कॉलेज में छात्राओं के साथ बड़े पैमाने पर धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। अमेठी इंस्टिट्यूट ऑफ पैरामेडिकल एंड साइंस के संचालक प्रिंस आजम खां पर एएनएम (ANM) द्विवर्षीय कोर्स की छात्राओं ने गंभीर आरोप लगाए हैं।

 छात्राओं का कहना है कि कॉलेज ने 36 छात्राओं से करीब दो लाख रुपये प्रति छात्रा वसूले। इसके बावजूद 18 छात्राओं का न तो रजिस्ट्रेशन कराया गया और न ही एडमिट कार्ड जारी किया गया। शेष 18 छात्राओं को बरेली में परीक्षा केंद्र आवंटित किया गया, लेकिन अब उनसे परीक्षा में बैठने के लिए 40 हजार रुपये अतिरिक्त मांगे जा रहे हैं।

छात्राओं का आरोप है कि वे पिछले ढाई साल से दो वर्षीय एएनएम कोर्स कर रही हैं और पूरी फीस जमा कर चुकी हैं। पहले वर्ष की परीक्षा कॉलेज की ओर से कराई गई थी, लेकिन दूसरे वर्ष की परीक्षा से पहले कॉलेज ने अचानक अतिरिक्त धन की मांग शुरू कर दी।

आरोप है कि संस्था अन्य संस्थानों से रजिस्ट्रेशन कराती है, लेकिन वहां फीस जमा नहीं करती, जिससे छात्राओं का भविष्य अधर में लटक गया है। रविवार को परेशान छात्राएं और उनके अभिभावक अमेठी कोतवाली पहुंचे और धरने पर बैठ गए। उन्होंने कॉलेज संचालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।

कोतवाली प्रभारी रवि सिंह ने बताया कि छात्राओं की शिकायत दर्ज कर ली गई है। "मामले की जांच की जा रही है। दोषी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई होगी," उन्होंने कहा। इस घटना के सामने आने के बाद इलाके में आक्रोश फैल गया है। अभिभावकों का कहना है कि अगर समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो वे बड़ा आंदोलन करेंगे।

संबंधित समाचार