Bareilly : दिशा पाटनी के पिता ने जताया सीएम का आभार, फोन पर बात कर बोले-बन रहा भयमुक्त यूपी
बरेली, अमृत विचार। फिल्म अभिनेत्री दिशा पाटनी के घर पर फायरिंग करने वाले दोनों शूटरों रवींद्र और अरुण के एसटीएफ के साथ मुठभेड़ में मारे जाने की सूचना मिलने पर उनके पिता और सेवानिवृत्त सीओ जगदीश पाटनी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ से बात करके उनका आभार जताया।
जगदीश पाटनी ने बताया कि बुधवार की रात उन्होंने मुख्यमंत्री से फोन पर बात कर धन्यवाद ज्ञापित किया। मुख्यमंत्री ने उन्हें सुरक्षा का पूरा भरोसा दिलाया था। उन्होंने कहा कि प्रदेश में किसी भी अपराधी को बक्शा नहीं जाएगा। इतने कम समय में अपराधियों को ढूंढकर उनके खिलाफ कार्रवाई की।
एसएसपी अनुराग आर्य ने बताया कि सेवानिवृत्त सीओ के घर पर फायरिंग करने वाले एक लाख रुपये के इनामी दो मुख्य शूटरों को एसटीएफ और दिल्ली की संयुक्त टीम ने गाजियाबाद में मार गिराया। फरार दो अन्य शूटरों की तलाश की जा रही है। जल्द ही दोनों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस टीम की मेहनत ने सीसीटीवी कैमरे की फुटेज के जरिए शूटरों तक पहुंचाया। अपराधियों को उनके अंजाम तक पहुंचाया गया।
