Varanasi News: पीड़ित दरोगा की पत्नी बोली- अंतरात्मा को चोट लगी है, हमें न्याय चाहिए
वाराणसी। वाराणसी के कचहरी परिसर में बड़ागांव थाने पर तैनात दरोगा मिथिलेश कुमार प्रजापति को मंगलवार को कुछ अधिवक्ताओं द्वारा पीट दिया गया था। गुरुवार को पीड़ित दरोगा की पत्नी अनीता और परिजनों के साथ पुलिस कमिश्नरेट कार्यालय पहुंची। पीड़िता ने कहा, "हमें अंतरात्मा में चोट लगी है। हम न्याय की मांग करते हैं।"
उन्होंने बताया कि घटना वाले दिन जब मिथिलेश कुमार कचहरी पहुंचे, तो एक व्यक्ति ने उनसे पूछा, "आप कहां से आए हैं।" मिथिलेश ने बताया कि उनकी तैनाती बड़ागांव थाने पर है। तभी एक अधिवक्ता ने उनकी नेम प्लेट पढ़ते हुए कहा, "काम खत्म करके आइए, हम लोग इंतजार कर रहे हैं।"
पीड़िता के अनुसार, उनके पति को आभास हो गया था कि कुछ अनहोनी होने वाली है। उन्होंने खुद को एक कमरे में बंद कर लिया और कई लोगों को फोन कर संभावित घटना की आशंका जताई। उन्होंने कुछ पुलिसकर्मियों को भी इसकी सूचना दी, लेकिन कोई मदद नहीं मिली और यह गंभीर घटना घट गई। पीड़िता ने सवाल उठाया, "आरोपियों की गिरफ्तारी अभी तक क्यों नहीं हुई। इस मामले में कार्रवाई क्यों नहीं की गई।"
