Bareilly : मुख्य शूटर रविंद्र का डमी बनकर बरेली आया था दीपू
बरेली, अमृत विचार। फिल्म अभिनेत्री दिशा पाटनी के घर पर फायरिंग करने वाले शूटरों की मदद करने, रेकी करने और साजिश में शामिल रहे पांचवें बदमाश को शुक्रवार की देर शाम शाही थाना क्षेत्र में मुठभेड़ के दौरान उसके साथी संग गिरफ्तार कर लिया गया। 25 हजार के इनामी आरोपी के पैर में गोली लगी है। दोनों आरोपी नेपाल भागने की फिराक में थे। गिरफ्तार बदमाशों की पहचान ग्राम बेडकला थाना जैतारण जिला बियावर राजस्थान निवासी घायल रामनिवास उर्फ दीपक उर्फ दीपू और ग्राम राजपुर थाना बड़ी सोनीपत हरियाणा के अनिल के रूप में हुई है।
अभिनेत्री दिशा पाटनी के सिविल लाइन्स चौपुला स्थित आवास पर दो दिन फायरिंग की गई थी। बाइक से आए अलग-अलग बदमाशों ने 11 और 12 सितंबर को तड़के ताबड़तोड़ कई राउंड फायरिंग कर दहशत फैलाई थी। पुलिस जांच में सामने आया कि फायरिंग के मामले में चार नहीं बल्कि पांच शूटर शामिल थे। वारदात को अंजाम देने वाले मुख्य शूटर रविन्द्र और अरुण को गाजियाबाद में एसटीएफ और दिल्ली की सीआई यूनिट के संयुक्त टीम ने मार गिराया था। जबकि, इन्हीं शूटरों में शामिल रहे नाबालिग बदमाशों को दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। वारदात में शामिल पांचवां आरोपी दीपू फरार चल रहा था। एसओजी इसकी तलाश कर रही थी। इसी बीच जानकारी हुई कि वह नेपाल भागने की फिराक में है।
एसएसपी अनुराग आर्य ने बताया कि पुलिस टीम ने शुक्रवार की देर शाम शाही क्षेत्र के बिहारीपुर नदी पुल के पास घेराबंदी करके गिरफ्तार करने का प्रयास किया। बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। एसओजी और कोतवाली पुलिस टीम ने जवाबी कार्रवाई करते हुए गोली चलाई। जो रामनिवास के पैर में जा धंसी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। इसके साथ अनिल को भी गिरफ्तार कर लिया गया। उन्होंने बताया कि दीपू शहर में शूटरों के साथ आया था। जो फिल्म अभिनेत्री के घर की रेकी करने समेत पूरे प्रकरण की साजिश में शामिल था। दीपू के कब्जे से पिस्टल, चार जिंदा कारतूस, और अनिल के पास से तमंचा तथा दो जिंदा कारतूस समेत एक मोटरसाइकिल बिना नंबर प्लेट की बरामद हुई है।
मुख्य शूटर का डमी बनकर झुमका तिराहे पर तीन घंटे सोया था दीपू
बॉलीवुड अभिनेत्री दिशा पाटनी के घर फायरिंग प्रकरण में मुख्य शूटर की भूमिका निभाने वाले रविन्द्र की डमी बनकर रामनिवास उर्फ दीपू 10 सितंबर को ही बरेली आ गया था। उसने ही फिल्म अभिनेत्री के घर की रेकी की थी। साथ ही वह रविन्द्र की तरह शर्ट पहन कर झुमका तिराहे पर यात्रियों के लिए बने शेड में तीन घंटे तक सोया था, जबकि, रविन्द्र शहर में भ्रमण कर रहा था। इतना ही नहीं चारों शूटरों के साथ वह सोनीपत स्थित एक पेट्रोल पंप पर अपाचे में पेट्रोल डलवाते समय भी सीसीटीवी कैमरे में कैद हुआ था। दीपू को चारों शूटरों ने बाइक चोरी करने की भी जिम्मेदारी दी गई थी, जिससे वह चोरी की बाइक से वारदात को अंजाम देकर बाइक यहीं छोड़ कर फरार हो जाएं और पुलिस उन्हें ट्रेस न कर सके। लेकिन, वह बाइक चोरी करने में असफल रहा। इतना ही नहीं घर की रेकी भी सही से नहीं कर सका। इसके कारण शूटरों ने पहले दिन दूसरे के घर पर फायरिंग कर दी थी।
मुख्य शूटरों का खास गुर्गा है अनिल, जा चुका है जेल
मुठभेड़ के दौरान 25 हजार के इनामी बदमाश रामनिवास उर्फ दीपू के साथ गिरफ्तार आरोपी अनिल बरेली में वारदात के समय नहीं आया था। वह मुख्य शूटर रविन्द्र और अरुण का खास गुर्गा है। अनिल का सोनीपत में बाइक का गैराज है। इसके पास अरुण और रविन्द्र दोनों आते-जाते थे। इसने दोनों को कई बार वारदात के लिए बाइक से लेकर कार तक मुहैया कराई है। अनिल इससे पहले चंडीगढ़ और हरियाणा की शराब बिहार में तस्करी करता था। इस मामले में वह कई बार सोनीपत से जेल भी जा चुका है। दोनों शूटरों के मारे जाने के बाद ये दोनों नेपाल भागने की फिराक में थे कि मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिए गए। गिरफ्तारी के दौरान दोनों हाथ जोड़े हुए थे, जैसे मानो जान की भीख मांग रहे हों।
25 सौ कैमरे खंगाले, 250 होटलों में पूछताछ
फायरिंग प्रकरण की जानकारी जुटाने के लिए पुलिस टीम ने शहर से लेकर देहात तक करीब 25सौ सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाला। साथ ही 250 होटलों और ढाबों पर पुलिस टीम ने पूछताछ की। इसके बाद शूटरों की कड़ी से कड़ी जोड़ने में पुलिस को सफलता मिली। ऐसे में अब पुलिस टीम हरियाणा, गाजियाबाद और दिल्ली जाएगी, जिससे विवेचना पूरी तरह से फाइनल हो सके। साथ ही एसएसपी ने साफ किया है कि मामले में बदमाशों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई कर इन सभी की संपत्ति जब्त कराई जाएगी। फिलहाल किसी भी बदमाश को बख्शा नहीं जाएगा। वह किसी भी गिरोह का क्यों न हो।
एसएसपी अनुराग आर्य सेवानिवृत्त सीओ के घर फायरिंग मामले में वारदात के पहले रेकी करने वाले 25 हजार के इनामी बदमाश को उसके साथी के साथ मुठभेड़ में गिरफ्तार किया गया है। दोनों बदमाशों से पूछताछ की जा रही है। हरियाणा, गाजियाबाद समेत दिल्ली में पुलिस टीमें भेजी जाएंगी। इन बदमाशों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट की भी कार्रवाई की जाएगी। मामले के खुलासे के लिए 25सौ कैमरे खंगाले गए, जबकि 250 होटलों में पूछताछ की गई।
