मेरी सफलता के पीछे राजीव सर... सशक्त नारी का प्रतीक बनी पूजा बेटी, मुख्यमंत्री ने की सराहना
बाराबंकी, अमृत विचार। महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और आत्मनिर्भरता को समर्पित मिशन शक्ति 5.0 का प्रदेशव्यापी शुभारंभ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा किया गया। “सशक्त नारी, समृद्ध प्रदेश” थीम पर आधारित यह चरण महिलाओं के शिक्षा, सुरक्षा और स्वावलंबन को नई दिशा देगा। राजधानी से हुए शुभारंभ का सीधा प्रसारण बाराबंकी के एनआईसी सभागार में किया गया, जहां अल्पसंख्यक कल्याण राज्य मंत्री दानिश आजाद अंसारी, खाद्य एवं रसद राज्य मंत्री सतीश चंद्र शर्मा समेत अन्य जनप्रतिनिधि व अधिकारी मौजूद रहे।
इस अवसर पर बाराबंकी की प्रतिभाशाली बेटी पूजा पाल को मिशन शक्ति की रोल मॉडल के रूप में सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने खुद पूजा की सराहना की। पूजा के परिजनों को मुख्यमंत्री आवास योजना का स्वीकृति पत्र भी प्रदान किया गया। बता दें कि पूजा ने धूल-रहित थ्रेशर का मॉडल बनाया है। इस अनूठे प्रयोग के दम पर पूजा अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर भारत का परचम लहराया चुकी है।

इस दौरान राज्यमंत्री सतीश शर्मा ने कहा कि मिशन शक्ति 5.0 के तहत सरकार ने यह सुनिश्चित करने का संकल्प लिया है कि हर महिला सुरक्षित, शिक्षित और आत्मनिर्भर बने। पूजा पाल जैसी बेटियाँ इसका जीवंत उदाहरण हैं, जो अपनी सृजनात्मक सोच और सामाजिक योगदान से पूरे प्रदेश के लिए प्रेरणा बन रही हैं। कार्यक्रम में भाजपा विधायक, डीएम शशांक त्रिपाठी, एसपी अर्पित विजयवर्गीय, सहित अन्य मौजूद रहे।
मेरी सफलता के पीछे राजीव सर...
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 75वें जन्मदिन पर जारी डॉक्यूमेंट्री ‘कर्मयोग: एक अंतहीन यात्रा’ में उन्होंने पूजा बेटी की सराहना करते हुए उन्हें ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ अभियान की मिसाल बताया। पीएम मोदी और सीएम योगी से मिली सराहना से अभिभूत पूजा शनिवार को सीधे अपने गुरु राजीव श्रीवास्तव से मिलने उनके घर पहुंची। सफलता का श्रेय देते हुए पूजा ने कहा कि आज जो कुछ भी हूं, अपने शिक्षक की वजह से हूं। खुशी के मारे रूंधे गले से उसने कहा अगर मेरे गुरु राजीव सर न होते, तो मैं यहां तक न पहुंचती।
थानों में हुआ सजीव प्रसारण
मुख्यमंत्री का संबोधन जनपद के सभी थानों और पुलिस लाइन में भी सजीव प्रसारित किया गया। इस दौरान हर थाने में मिशन शक्ति केंद्रों का औपचारिक उद्घाटन हुआ, जिनके माध्यम से महिलाओं को त्वरित सहायता और सुरक्षा सुनिश्चित की जाएगी।
