Barabanki News: वनकर्मियों ने व्यापारी से की अवैध वसूली, बोले डीएफओ- कर्मी निर्दोष... झूठे हैं आरोप
बाराबंकी, अमृत विचार। लखनऊ के गंगागंज से कुशीनगर लकड़ी लेकर जा रही गाड़ी रोककर बाराबंकी के वनकर्मियों ने व्यापारी से अवैध वसूली की। जिसकी शिकायत वन निदेशक तक की गई है। हालांकि डीएफओ ने आरोपों को झूठ बताते हुए कहा कि वसूली गई रकम सरकारी खाते में दर्ज है।
लकड़ी कारोबारी अभिषेक चौहान पुत्र ओम प्रकाश चौहान निवासी हाटा जनपद कुशीनगर ने निदेशक वन विभाग को भेजे गए शिकायती पत्र में वन अधिकारियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। व्यापारी का कहना है कि वह अपनी गाड़ी से चिरान की लकड़ी लेकर गंगागंज लखनऊ से अपने गृह जनपद कुशीनगर जा रहा था। तभी 28 अगस्त को भानमऊ चौराहे के पास वन दरोगा सचिन पटेल, कटान सेल प्रभारी अनुज कुमार व विनीत जायसवाल ने उसकी गाड़ी रोक ली और उसे डीएफओ ऑफिस में खड़ा कर दिया।
आरोप है कि अधिकारियों ने जुर्माने के नाम पर उससे 1,20,000 नकद और 30,000 पेटीएम से वसूल लिए। इसके बाद 31 अगस्त की रात करीब 11 बजे गाड़ी छोड़ दी गई, लेकिन व्यापारी को किसी प्रकार की रसीद उपलब्ध नहीं कराई गई। जब उसने रसीद मांगी तो टाल-मटोल किया गया।
अगले ही दिन पुनः विनीत जायसवाल द्वारा 50,000 रुपये की अतिरिक्त मांग भी की गई। व्यापारी का आरोप है कि संबंधित अधिकारी बाहरी व्यापारियों से इसी तरह अवैध वसूली करते हैं। इस संबंध में प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी विकास वधावन का कहना है कि अवैध वसूली के आरोप झूठे हैं। व्यापारी खुद ही रसीद नहीं ले गया। इनकी लकड़ी अवैध थी, जिसे पकड़ा गया।
