मेट्रो यात्रियों के लिए खुशखबरी: NCMC कार्ड से होगा पूरे देश की मेट्रो में कहीं भी सफर, वन नेशन वन कार्ड योजना पर तेजी से चल रहा काम

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखनऊ, अमृत विचार। लखनऊ मेट्रो एक कार्ड लाने जा रहा है। इससे यात्री सिर्फ लखनऊ ही नहीं पूरे देश में संचालित हो रही किसी भी मेट्रो में कहीं से सफर कर सकेगा। मेट्रो प्रशासन वन नेशन वन कार्ड की योजना पर तेजी से काम कर रहा है।

इसके तहत नेशनल कॉमन मोबालिटी कार्ड (एनसीएमसी) बनेगा। करीब छह माह में यह कार्ड लाया जाएगा। इसे लांच करते ही मौजूदा समय में इस्तेमाल हो रहा क्लोज कार्ड को बंद कर दिया जाएगा। बता दें कि कानपुर और आगरा मेट्रो में नेशनल कॉमन मोबालिटी कार्ड का इस्तेमाल हो रहा है।

6 महीने बाद नये कार्ड से होगा सफर, टिकट लेने का झंझट हो जाएगा खत्म

लखनऊ मेट्रो में सफर करने के लिए यात्री टोकन अथवा कार्ड का इस्तेमाल करते हैं, जिससे सफर के दौरान किराये में 10 प्रतिशत की छूट मिलती है, लेकिन करीब 6 महीने बाद इस कार्ड का इस्तेमाल बंद हो जायेगा। इसकी जगह पर लोग यात्रा के लिए एनसीएमसी कार्ड का इस्तेमाल कर सकेंगे। इस कार्ड की खासियत यह होगी कि देश में चल रही सभी मेट्रो में मान्य होगा।

यानी कार्ड लेने के बाद कहीं पर भी लाइन में लगने से छुटकारा मिलेगा और टिकट खरीदने की झंझट खत्म होगी। दरअसल, उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड भारत सरकार और उत्तर प्रदेश सरकार का साझा उद्यम है। साल 2020 में ही केंद्र सरकार ने नेशनल कॉमन मोबालिटी कार्ड की शुरूआत कर दी थी, दिल्ली मेट्रो में इस कार्ड के इस्तेमाल का फैसला भी ले लिया गया था और तय हुआ कि देश में अब जिन शहरों में मेट्रो सुविधा शुरू होगी, सब जगह एक ही कार्ड का इस्तेमाल होगा। यही वजह है कि लखनऊ में भी इसको शुरू करने की तैयारी है।

ऑटोमैटिक फेयर में होगा बदलाव

मेट्रो में प्रवेश और निकास के लिए ऑटोमैटिक फेयर पर टोकन अथवा कार्ड लगाना पड़ता है, स्कैन के बाद ही रास्ता खुलता है और यात्री अंदर और बाहर जा सकते हैं। इसमें बदलाव के बाद ही नेशनल कॉमन मोबालिटी कार्ड यात्रियों के हाथ में होगा। लखनऊ मेट्रो के ज्वाइंट जनरल मैनेजर पंचानन मिश्रा ने बताया कि जब लखनऊ में मेट्रो की शुरूआत हुई थी, तब नेशनल कॉमन मोबालिटी कार्ड का कॉन्सेप्ट नहीं आया था, लेकिन आने वाले 6 महीने में यह व्यवस्था यहां भी देखने को मिलेगी।

संबंधित समाचार