महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव के भाई पर रिपोर्ट दर्ज, 14 करोड़ ठगने का आरोप
लखनऊ, अमृत विचार। उत्तर प्रदेश महिला आयोग की उपाध्यक्ष और बीजेपी नेता अपर्णा यादव का मां अंबी बिष्ट के बाद उनके भाई के खिलाफ जाली दस्तावेज के आधार पर धोखाधड़ी और धमकी की रिपोर्ट दर्ज की गई है।
गोमतीनगर स्थित रियल एस्टेट कंपनी निदेशक का आरोप है कि अपर्णा के भाई ने फर्जीवाड़ा कर दूसरे की जमीन उन्हें रजिस्ट्री कर 14 करोड़ रुपये ऐंठ लिए। रुपये वापस मांगने पर आरोपी ने धमकाया। इंस्पेक्टर गोमतीनगर बृजेश चंद्र तिवारी ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है।
विकासखंड-5 निवासी ठाकुर सिंह मनराल मरर्चन्टास इंफ्राहाइट्स प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के निदेशक हैं। उनकी कंपनी प्लॉट खरीदकर मकान निर्माण कर बेचने का काम करती है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2019 में गुलिस्ता कॉलोनी में चंद्रशेखर सिंह बिष्ट उर्फ अमन से मुलाकात हुई।
उन्होंने खुद को विजयखंड स्थित मोनाल इंफ्राटेक प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक बताया। वहां चंद्रशेखर की मां अंबी बिष्ट भी मौजूद थी। चंद्रशेखर ने बताया कि वह ग्राम सरसवां व अहिमामऊ में अपनी 22 बीघा जमीन बेचना चाहते हैं। सौदा 14 करोड़ रुपये में तय होने पर चंद्रशेखर ने कहा कि रुपये का लेनदेन हिमांशु राय करेंगे।
इसके बाद 13,450 वर्गफीट की रजिस्ट्री की, जबकि जमीन 26,900 वर्गफीट थी। विरोध करने पर गलती मान दो खसरा भूल जाने की बात कहते हुए रजिस्ट्री करने का आश्वासन दिया। ठाकुर सिंह ने जमीन के एवज में कई बार में नकद व चेक से 14 करोड़ रुपये कंपनी के खाते में दिए। इसके बाद भी आरोपियों ने और जमीन की रजिस्ट्री नहीं की। बात में फर्जी दस्तावेज से दूसरे की जमीन की रजिस्ट्री करने की जानकारी हुई।
उन्होंने रुपये वापस मांगे तो धमकाया गया। उन्होंने मामले की जानकारी चंद्रशेखर के पिता अरविंद सिंह, मां अंबी और बहन अपर्णा यादव से की। थाने व अधिकारियों के पास गुहार लगाई, लेकिन सुनवाई नहीं हुई। कोर्ट के आदेश पर गोमतीनगर पुलिस ने चंद्रशेखर सिंह बिष्ट उर्फ अमन और हिमांशु राय के खिलाफ जाली दस्तावेज के आधार पर धोखाधड़ी, धमकी समेत अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
