UP Ratna Entrepreneur Awards-2025: यूपी रत्न उद्यमी अवार्ड्स से सम्मानित उद्यमी, बोले कलराज मिश्र- भारत सरकार उद्यमियों की हर संभव मदद कर रही है
लखनऊ, अमृत विचार। हैशटैग लखनऊ की और से विश्वेश्वरैया प्रेक्षागृह में रविवार की शाम यूपी रत्न उद्यमी अवार्ड्स -2025 का आयोजन किया गया। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक और हिमाचल व राजस्थान के पूर्व राज्यपाल कलराज मिश्र ने औद्योगिक क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले उद्यमियों का सम्मान किया। इस अवार्ड समारोह को हिन्दी दैनिक अमृत विचार ने प्रायोजित किया था।
उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कैप्टन प्रदीप सिंह (दुबई), नरेंद्र कुमार श्रीवास्तव, डॉ. शमशाद हुसैन, चिंतेश निगाम, मनोज शर्मा, डॉ. सुजॉय मुखर्जी, प्रो. यशपाल सिंह, आमिर के मलिक और शिवी शर्मा को उनके विशिष्ट योगदान के लिए यूपी रत्न उद्यमी अवार्ड्स – 2025 से सम्मानित किया।
पूर्व राज्यपाल कलराज मिश्र ने मनोज शर्मा, जितेश निगम, चेतन शुक्ला, चैतन्य वेलफेयर फाउंडेशन की ओम कुमारी, एसआर ग्रुप के कौशल चन्द्र और जय अम्बे एसोसिएट्स के अजय त्रिपाठी को सम्मानित किया।
कलराज मिश्र ने कार्यक्रम सम्पन्न कराने वाली टीम मोहन सिंह बिष्ट, युवराज सिंह परिहार, प्रियंका, दीक्षा वर्मा, राजकुमार राघव और मोहम्मद इलियास को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया।
पूर्व राज्यपाल कलराज मिश्र ने इस मौके पर कहा कि हैशटैग लखनऊ आईएएस, आईपीएस, आईआरएस अधिकारियों और सफल उद्यमियों को बुलाकर टॉक शो का आयोजन करता है। उन्होंने बरेली के पार्थ गौतम फाउंडेशन की प्रशंसा करते हुए कहा कि यह सराहनीय बात है कि इस संस्था ने यह तय किया है कि बरेली की दो विधानसभाओं का हर बच्चा स्कूल जाएगा।
उन्होंने कहा कि प्रधानमन्त्री नरेंद्र मोदी भी आत्मनिर्भर भारत की बात करते हैं। भारत में स्टार्ट अप को बढ़ावा देने का काम चल रहा है। बजट में निर्मला सीतारमण ने एमएसएमई के लिए सबसे ज्यादा धन की व्यवस्था की। कक्षा 6 से ही बच्चों को कौशल विकास में दक्ष किया जा रहा है ताकि बच्चे का रुझान जाना जा सके। जन धन खाता खुलवाकर सरकार ने 58 करोड़ नये लोगों को बैंक से जोड़ा है।
उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि स्टार्ट अप के लोगों को इकठ्ठा कर उन्हें सम्मानित करने की पहल बहुत अच्छी है। समाज के किसी भी क्षेत्र में कोई अच्छा काम करता है तो सरकार उसकी मदद करती है। हमारी सरकार अन्तरिक्ष से कृषि तक हमारी सरकार तरक्की का सन्देश दे रही है। अर्थव्यवस्था के मामले में 2017 से पहले भारत 11वें नम्बर पर था, अब दुनिया में चौथे नम्बर पर है।
विशिष्ट अतिथि पार्थ फाउंडेशन के संस्थापक पार्थ गौतम ने बताया कि पिछले एक साल में उन्होंने अपने अस्पताल में 10 हजार लोगों का निशुल्क इलाज कराया। एक हजार बच्चों का स्कूल में एडमिशन कराया। उन्होंने बताया कि फाउंडेशन का लक्ष्य बरेली के दो विधानसभा क्षेत्रों को ऐसा बनाना है कि वहां कोई भी परिवार ऐसा न हो जो स्कूल न जाता हो।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से अमृत विचार के चीफ मार्केटिंग ऑफिसर अखंड प्रताप सिंह, महाप्रबन्धक त्रिनाथ शुक्ला और चीफ सर्कुलेशन ऑफिसर विनोद सिंह, हैशटैग लखनऊ के प्रमुख शुमाइल आदिल मौजूद रहे।
यह भी पढ़ेंः Navratri 2025: आज से क्या सस्ता, क्या महंगा? दूध, दवाइयों से लेकर टीवी, बाइक तक - जानें नया GST प्रभाव
