Bareilly : खेत की तूताबंदी करने को मांगी रिश्वत, पांच हजार लेते नक्शानवीस रंगे हाथ गिरफ्तार
बरेली, अमृत विचार। भ्रष्टाचार निवारण संगठन बरेली टीम ने सोमवार को चकबंदी विभाग के नक्शानवीस (मानचित्रकार) को तहसील गेट से रंगे हाथ पांच हजार की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया। बाबू ने नक्शा दुरुस्त करने के लिए रिश्वत की मांग की थी। जिसकी शिकायत मिलने पर सोमवार को जाल बिछाकर ये कार्रवाई की गई।
दरअसल कैंट थाना क्षेत्र भरतौल के रहने वाले जितेंद्र बाबू ने भ्रष्टाचार निवारण संगठन से शिकाय की थी कि उन्हें अपने खेत की नक्शा दुरुस्तीकरण (तूताबंदी) कराना था। उनकी मुलाकात चकबंदी विभाग के नक्शानवीस राजीव मित्तल से हुई। तूताबंदी करने के एवज में उन्होंने जितेंद्र बाबू से पांच हजार रुपये की रिश्वत मांगी।
शिकायत मिलने के बाद भ्रष्टाचार निवारण संगठन बरेली की ट्रैप टीम के प्रभारी निरीक्षण प्रवीण सान्याल ने अपनी टीम के सोमवार को जाल बिछाया और पांच हजार की रिश्वत लेते हुए नक्शानवीस राजीव को गिरफ्तार कर लिया गया। फिलहाल आरोपी नक्शानवीस के खिलाफ कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज की जा रही थी।
