शारदीय नवरात्र : भव्य आलौकिक व अद्भुत सजे मां दुर्गा के पूजा पंडाल..बाजारों में बढ़ी रौनक, उमड़े लोग
रायबरेली, अमृत विचार। शारदीय नवरात्र को लेकर चहुंओर धूम मची हुई है। माता के मंदिर हो या फिर पंडाल में साफ-सफाई और रंग रोगन का कार्य पूरा कर लिया गया है। गांव हो या शहर हर जगह आस्था अपनी चरम सीमा पर है। हर कोई मइया के दरबार को सजाने के लिए आतुर है। वहीं बाजारों में रौनक बढ़ गई है। रविवार को पूरे दिन बाजारों में चहल-पहल बनी रही। देर शाम तक लोगों ने खरीददारी की। मां भगवती दुर्गा की उपासना का प्रमुख पर्व नवरात्र है।
22 सितंबर से शुरू होने वाले शारदीय नवरात्र को लेकर हर कोई आस्था में सराबोर है। मंदिरों के आसपास दुकानें सज गई हैं। वहीं दर्शन के लिए श्रद्धालुओं को किसी तरह की असुविधा न हो इसका ध्यान दिया जा रहा है। नवरात्र में उपासना का विशेष महत्व है। पूजा, उपासना, आराधना, दर्शन से मन व भावों की शुद्धि होती है। साथ ही व्रत से शरीर भी चुस्त दुरुस्त और निरोगी होता है। ऐसे में भक्तों का भारी उत्साह मंदिरों की ओर रुख करता है। शहर के सभी प्रमुख देवी शक्तिपीठ में साफ-सफाई और रंगरोगन का कार्य पूरा हो चुका है।
मंदिरों को आकर्षक बिजली की लाइटों आदि से सजाया जा रहा है। महाकालेश्वर मंदिर के पुजारी रविकान्त मिश्रा ने कहा कि शारदीय नवरात्र में मंदिरों के साथ ही पूजा पंडालों को भी आकर्षित ढंग से सजाया जाता है। साथ ही सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाते हैं। नवरात्र को लेकर लोगों में काफी उत्साह है। शहर के सब्जी मंडी, कैपरगंज, स्टेशन रोड बुक मार्केट में काफी संख्या में खरीददारी के लिए महिलाएं, युवतियां उमड़ी रही। खरीददारी का सिलसिला देर रात तक चलता रहा।
यहां पर श्रद्धालुओं का उमड़ता सैलाब
जिले के करीब 15 मंदिर ऐसे हैं, जहां पर श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ता है। इसमें शहर में मां मंशा देवी, मां संकटा देवी गेगासों, अहोरवा भवानी, मां अम्बिका देवी मुरारमऊ, गौरा पार्वती मंदिर सतांव, श्रीभवानी ऐहार, मां आनंदी देवी भीतरगांव, काली देवी खरौली, दुर्गा मंदिर लालगंज, दुर्गा देवी मंदिर शंकरपुर, काली देवी मंदिर लालगंज प्रमुख हैं। इन मंदिरों में अधिक भीड़ होने के कारण पुलिस प्रशासन की विशेष नजर रहती है।
उत्साह से लबरेज श्रद्धालु, सजे पंडाल
शहर के प्रगतिपुरम, छोटी बाजार, राजकीय कालोनी, गोरा बाजार चौराहा, सुपर मार्केट, सुरजूपुर, प्रभुटाउन, आचार्य द्विवेदी नगर सहित ऊंचाहार, जगतपुर, महराजगंज, बछरावां, डलमऊ, लालगंज समेत कस्बों में भव्य पंडाल सजाए जाते हैं। सुबह आरती के साथ मां की पूजा-अर्चना होती है। वहीं शाम को प्रसाद वितरण भी किया जाता है।
दिन भर रहेगी भक्ति गीतों की गूंज
क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर मां दुर्गा के पूजा पंडाल सजाया जा रहा है। मोहनपुर, मिश्रनखेड़ा, कलुआखेड़ा, शिवपुरी, बेहटा सातनपुर, डोडेपुर, सेमरी चौराहा में दो स्थानों पर, पाहो, पूरेरिठूरन, रनापुर पहरौली, कान्हामऊ, खपुरा में दो स्थानों पर, डुमटहर, बीजेमऊ, बड़ाभगतखेड़ा, महरानीगंज, निधानखेड़ा, बसन्तखेड़ा सहित विभिन्न गांवों के कुल 60 स्थानों पर मां श्री दुर्गा के पूजा पंडाल सजाए जाएंगे। जिनमें पूरे नौ दिन भक्त मां श्री नवदुर्गा की पूजा अर्चना करेंगे। इसके अलावा महराजगंज में भी 30 स्थानों पर मां दुर्गा के पूजा पंडाल सजाए जा रहे हैं। यहां पर प्रतिदिन मां शारदे के भक्ति गीतों की धूम रहेगी।
ये भी पढ़े : Sharadiya Navratri 2025: 22 से शुरू होंगे शारदीय नवरात्र, जान लें पूजा का सही समय और विधि
