कानपुर : गाड़ी लड़ने पर भाजपा नेता से मारपीट, थाने में माफीनामा
कानपुर, अमृत विचार। पार्टी कार्यालय से जीएसटी के कार्यक्रम से निकले भाजपा के क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी के साथ मारपीट हुई। कार में टक्कर लगने के बाद शुरू हुई बहस मारपीट में बदल गई। भाजपा नेता का आरोप है कि कांग्रेस नेता और बाबूपुरवा से पूर्व पार्षद रहे मो. इरफान ने गाड़ी से खींचने के साथ ही बत्तमीजी और मारपीट की।
भाजपा नेता को लात मारने पर रोष दिखा। घटना की सूचना पर मौके पर पहुंचे भाजपाइयों ने युवक को पकड़ा तो इसी बीच पहुंची पुलिस पूर्व पार्षद को पकड़कर कोतवाली ले आई। यहां एक घंटे तक हंगामें के बाद भाजपाइयों ने पुलिस के सामने माफीनामा लिखवाया और जाने दिया।
भाजपा के क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी अनूप अवस्थी ने बताया कि वह सोमवार को पार्टी कार्यालय में आयोजित जीएसटी के एक कार्यक्रम में शामिल होकर निकल रहे थे। क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल ने कहा कि दक्षिण में आयोजित कार्यक्रम में भी चलते हैं। इसपर मैं अपनी गाड़ी निकाल रहा था।
सोमदत्त के सामने कट के पास यू-टर्न कर रहे थे तभी एक दूसरी गाड़ी वाला आया और टक्कर मार दी इसके बाद बत्तमीजी करने लगा। मारपीट की, गाड़ी से खींचा गया। मैंने पार्टी कार्यालय में खबर कर बताया कि मारपीट हो गई है।
इस दौरान प्रमोद विश्वकर्मा, राघवेंद्र मिश्रा, वात्सेय त्रिपाठी, अभिनव दीक्षित, अनुपम मिश्रा, अवधेश सोनकर, अक्षय त्रिवेदी समेत तमाम भाजपा के नेता पहुंचे। सूचना पर पुलिस भी आ गई, और मारपीट करने वाले पूर्व पार्षद मो. इरफान को कोतवाली थाने में ले आई। हमलोग थाने पहुंचे तो पुलिस के सामने आरोपी ने माफी मांगी।
साथियों का कहना था कि मुकदमा लिखवाओ लेकिन, मैंने उचित नहीं समझा। लिखित माफीनामा भी दिया है। इसके बाद जाने दिया। बता दें कि मौजूदा में मो. इरफान कानपुर महानगर कांग्रेस कमेटी का उपाध्यक्ष है। पूरी घटना की शहर भर में चर्चा रही, सोशल मीडिया में भी लोग घटना को लेकर चर्चा करते रहे।
गाड़ी एक्सीडेंट पर दोनों पक्ष में हाथापाई हो गई थी। परेड चौराहे के पास की घटना है। भाजपा नेता अनूप अवस्थी ने कहा कि जाने दीजिए हमें कुछ नहीं करना है, उन्होंने बड़ा दिल दिखाया है। दोनों तरफ से समझौता हो गया है। किसी भी पक्ष ने तहरीर नहीं दी है। - जगदीश प्रसाद पांडेय, थाना प्रभारी, कोतवाली
