कौन बनाएगा फाइनल में जगह... अपनी जगह का दावा पेश करने उतरेगी श्रीलंका और पाकिस्तान की टीम

Amrit Vichar Network
Edited By Muskan Dixit
On

अबू धाबी। एशिया कप 2025 के सुपर-4 चरण में मंगलवार को श्रीलंका और पाकिस्तान की टीमें जीत के साथ टूर्नामेंट में अपनी स्थिति मजबूत करने और फाइनल में जगह पक्की करने के इरादे से मैदान पर उतरेंगी। पाकिस्तान ने इस मैदान पर लगातार छह मुकाबले जीते हैं, जिनमें श्रीलंका के खिलाफ तीन जीत भी शामिल हैं, और अब वह अपनी इस शानदार लय को बरकरार रखना चाहेगा। दूसरी ओर, श्रीलंका के लिए यह मुकाबला न केवल पाकिस्तान के खिलाफ है, बल्कि अबू धाबी में अपनी लगातार पांच हार की कड़वी यादों को तोड़ने की चुनौती भी है। 

श्रीलंका को हाल ही में बांग्लादेश के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा, जबकि पाकिस्तान को इस टूर्नामेंट में भारत के हाथों दूसरी बार हार मिली। श्रीलंका ने सुपर-4 में लगातार तीन जीत के साथ शानदार शुरुआत की थी, लेकिन बांग्लादेश के खिलाफ हार के बाद अब वह जीत की राह पर लौटने को बेताब होगी। दूसरी ओर, पाकिस्तान को टूर्नामेंट में अब तक दो हार मिली हैं, और दोनों बार उसे भारत ने मात दी। 

श्रीलंका की टीम इस समय मजबूत दिख रही है, जबकि पाकिस्तान के बल्लेबाज और गेंदबाज अपनी सर्वश्रेष्ठ फॉर्म में नहीं हैं। खास तौर पर उनके प्रमुख तेज गेंदबाज शाहीन शाह अफरीदी का प्रदर्शन चिंता का कारण बना हुआ है। श्रीलंका की ओर से पथुम निसंका ने इस टूर्नामेंट में शानदार बल्लेबाजी करते हुए 136 रन बनाए हैं, जिसमें दो अर्धशतक शामिल हैं। 100 या उससे अधिक रन बनाने वाले बल्लेबाजों में केवल भारत के अभिषेक शर्मा (173 रन, 208.43 स्ट्राइक रेट) और मोहम्मद नबी (108 रन, 171.42 स्ट्राइक रेट) ही निसंका (148.97 स्ट्राइक रेट) से बेहतर स्ट्राइक रेट रखते हैं। 

शेख जायद क्रिकेट स्टेडियम की पिच पर पिछले 20 मैचों में से 13 में लक्ष्य का पीछा करने वाली टीमों ने जीत हासिल की है। इस रोमांचक मुकाबले में पाकिस्तान का पलड़ा थोड़ा भारी लग रहा है, लेकिन श्रीलंका इस मौके पर इतिहास रचने की पूरी कोशिश करेगा। 

पाकिस्तान की संभावित प्लेइंग इलेवन: सलमान आगा (कप्तान), सैम अयूब, साहिबजादा फरहान, फखर जमान, हुसैन तलत, मोहम्मद हारिस (विकेटकीपर), मोहम्मद नवाज, फहीम अशरफ, शाहीन अफरीदी, हारिस रऊफ, अबरार अहमद। 

श्रीलंका की संभावित प्लेइंग इलेवन: चरिथ असलांका (कप्तान), पथुम निसंका, कुसल मेंडिस (विकेटकीपर), कामिल मिशारा, कुसल परेरा, दासुन शनाका, कामिंडु मेंडिस, वानिंदु हसरंगा, डुनिथ वेललेज, दुष्मंथा चमीरा, नुवान तुषारा।

यह भी पढ़ेंः Asia Cup 2025: इमरान खान ने कसा पाकिस्तान क्रिकेट टीम पर तंज, सुनकर नहीं रुकेगी हंसी

संबंधित समाचार