कानपुर: विजय नगर चौराहा स्टेशन के लिए रखा गया पहला डबल टी-गर्डर, प्रबंध निदेशक सुशील कुमार ने दी बधाई

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कानपुर, अमृत विचार। मेट्रो रेल परियोजना के कॉरिडोर-2 के अंतर्गत बन रहे एग्रीकल्चर यूनिवर्सिटी-बर्रा-8 एलिवेटेड सेक्शन का निर्माण कार्य हो रहा है। इस कड़ी में मंगलवार को लगभग 4.50 किमी लंबे सेक्शन के लिए डबल टी-गर्डर्स रखने का काम भी आरंभ कर दिया गया । पहले इस सेक्शन के विजय नगर चौराहा स्टेशन के लिए डबल-टी गर्डर्स को रखा गया।

कानपुर मेट्रो की एलिवेटेड अवसंरचना में स्टेशनों के कॉनकोर्स (एलिवेटेड स्टेशन का पहला तल) को आधार देने के लिए डबल टी-गर्डर्स का प्रयोग होता है। यूपीएमआरसी के प्रबंध निदेशक सुशील कुमार ने कहा, कि कानपुर मेट्रो रेल परियोजना के एग्रिकल्चर यूनिवर्सिटी - बर्रा-8 एलिवेटेड सेक्शन का सिविल निर्माण कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है।

हमने इस सेक्शन के तीन-चौथाई से अधिक पाइलिंग, पाइल कैप और पियर निर्माण कार्य पूरे कर लिए हैं। पियर-कैप्स का 63 प्रतिशत से अधिक इरेक्शन कार्य भी पूरा हो चुका है। अब उक्त सेक्शन के अंतर्गत आने वाले स्टेशनों के लिए डबल टी-गर्डर्स के इरेक्शन का कार्य भी शुरू कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि हम सेक्शन में समय से कार्य पूरा कर लेंगे। 

कॉरिडोर-2 (सीएसए - बर्रा-8) की रूपरेखा 

विदित हो कि लगभग 8.60 किमी लंबे कॉरिडोर-2 (सीएसए - बर्रा-8) में से 4.50 किमी सेक्शन एलिवेटेड है, जिसका निर्माण दो हिस्सों में हो रहा है; पहला हिस्सा कंपनी बाग चौराहे से सीएसए परिसर में स्थित कॉरिडोर-2 डिपो रैंप तक और दूसरा हिस्सा डबल पुलिया रैंप से बर्रा-8 तक है। इस एलिवेटेड सेक्शन में 5 स्टेशन निर्माणाधीन हैं; एग्रिकल्चर यूनिवर्सिटी, विजय नगर चौराहा, शास्त्री चौक, बर्रा-7 और बर्रा-8। कॉरिडोर-2 में इस एलिवेटेड सेक्शन के अलावा 3 स्टेशनों (रावतपुर, काकादेव और डबल पुलिया) वाला लगभग 4.10 किमी लंबा अंडरग्राउंड सेक्शन भी है, जिसके टनलिंग का कार्य प्रगति पर है।

संबंधित समाचार