बाराबंकी: 15 नई हॉपर टिपर डम्परों को जिलाधिकारी ने दिखाई हरी झंडी, न्यू इंडिया@2047” प्रदर्शनी का भी किया अवलोकन

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

Barabanki: District Magistrate flags off 15 new hopper tipper dumpers, also visits the “New India@2047” exhibition

बाराबंकी, अमृत विचार। सेवा पखवाड़ा के तहत स्वच्छता ही सेवा 2025 कार्यक्रम के अंतर्गत मंगलवार को नगर पालिका नवाबगंज परिसर में स्वच्छता को मजबूत करने के लिए एक बड़ा कदम उठाया गया। जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती शीला सिंह के साथ 15 नई हॉपर टिपर डम्पर (टाटा मैजिक) कूड़ा उठान गाड़ियों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

इन गाड़ियों की कुल लागत 102.94 लाख है। जिलाधिकारी ने कहा कि स्वच्छ भारत अभियान केवल सरकारी योजना नहीं, बल्कि जन-जन की भागीदारी का संकल्प है। नई गाड़ियों से नगर की सफाई व्यवस्था में सुधार होगा और सभी वार्डों में डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण की सुविधा बेहतर होगी।

नगर पालिका अध्यक्ष शीला सिंह ने इसे नगर पालिका के लिए बड़ी उपलब्धि बताया और कहा कि इससे नगर के सभी वार्डों में कूड़ा निस्तारण प्रभावी ढंग से होगा। अधिशासी अधिकारी नगर पालिका संजय शुक्ल ने बताया कि 30 सितंबर तक सभी वार्डों में डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण व्यवस्था पूरी तरह लागू करने के लिए दिशा-निर्देश दिए गए हैं। साथ ही 85 ई-रिक्शा भी जल्द ही उपलब्ध कराए जाएंगे।

हरी झंडी दिखाने के बाद जिलाधिकारी ने नगर पालिका परिसर में सेवा पखवाड़ा के तहत आयोजित “न्यू इंडिया@2047” प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के व्यक्तित्व और कार्यों को प्रदर्शित किया गया था। उन्होंने इस तरह की प्रदर्शनी को युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बताया। कार्यक्रम में चेयरमैन प्रतिनिधि सुरेंद्र वर्मा, सभासद, नगर पालिका कर्मचारी एवं अन्य गणमान्य नागरिक मौजूद थे।

संबंधित समाचार