Bareilly : भारत गौरव टूरिस्ट ट्रेन से मिलेगा सात ज्योतिर्लिंग यात्रा का मौका

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। श्रद्धालुओं के लिए इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉर्पोरेशन लिमिटेड (आईआरसीटीसी) एक खास पैकेज लेकर आया है। योग नगरी ऋषिकेश रेलवे स्टेशन से 18 नवंबर को भारत गौरव टूरिस्ट ट्रेन रवाना होगी। इसके जरिये यात्रियों को 11 रात और 12 दिन की अवधि में देशभर के सात प्रमुख ज्योतिर्लिंगों के दर्शन का अवसर मिलेगा। यह यात्रा 29 नवंबर को संपन्न होगी।

रेलवे की ओर से जारी सूचना के अनुसार यात्रा कार्यक्रम में उज्जैन स्थित महाकालेश्वर और ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग, गुजरात में द्वारिकाधीश, भेट द्वारिका, नागेश्वर ज्योतिर्लिंग, सिग्नेचर ब्रिज, सोमनाथ ज्योतिर्लिंग, नासिक में त्र्यंबकेश्वर ज्योतिर्लिंग, पंचवटी, कालाराम मंदिर, भीमाशंकर ज्योतिर्लिंग और संभाजी नगर का घृष्णेश्वर ज्योतिर्लिंग शामिल हैं। ट्रेन में कुल 767 बर्थ उपलब्ध होंगी। इनमें 2एसी की 49 सीटें, 3एसी की 70 सीटें और स्लीपर क्लास की 648 सीटें होंगी।

रेलवे के अनुसार यात्री योग नगरी ऋषिकेश, हरिद्वार, मुरादाबाद, बरेली, शाहजहांपुर, हरदोई, लखनऊ, कानपुर, उरई, झांसी और ललितपुर स्टेशनों से ट्रेन में सवार हो सकेंगे। आईआरसीटीसी ने यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए तीन श्रेणियों में पैकेज जारी किया है। इकोनॉमी श्रेणी (स्लीपर क्लास) का किराया प्रति व्यक्ति ₹24,100 और बच्चों (5-11 वर्ष) के लिए ₹22,720 है। स्टैंडर्ड श्रेणी (3 एसी) का पैकेज ₹40,890 प्रति व्यक्ति और बच्चों के लिए ₹39,260 तय किया गया है। कम्फर्ट श्रेणी (2 एसी) का पैकेज ₹54,390 प्रति व्यक्ति और बच्चों के लिए ₹52,425 निर्धारित है। यात्रा पैकेज में ट्रेन यात्रा, नाश्ता, दोपहर और रात का शाकाहारी भोजन, स्थानीय भ्रमण के लिए एसी/नॉन एसी बसें और होटल में ठहरने की सुविधा शामिल है। खास बात यह है कि यात्रियों को एलटीसी और ईएमआई सुविधा भी दी जाएगी।

ये भी पढ़ें-Bareilly : पूर्वोत्तर रेलवे ने अक्टूबर में रद्द की दो जोड़ी ट्रेनें, यात्रियों को उठानी पड़ेगी परेशानी

संबंधित समाचार