भू माफिया बाबा पठान का आतंक... प्रधान कर रहा शिकायत, कर्मी लगा रहे भ्रामक आख्या, हवा में तैर रही DM की कार्रवाई
बाराबंकी, अमृत विचार। तहसील नवाबगंज क्षेत्र की ग्राम पंचायत में डीएम का आदेश हांफ रहा है। इस गांव में जंगल व बंजर की भूमि पर बदनाम भू माफिया ने कब्जा जमा रखा है। ग्राम प्रधान शिकायत लिए अफसरों के चक्कर काट रहा और विरोध के एवज में धमकी झेल रहा है। ग्राम पंचायत खसपरिया के प्रधान दिलीप कुमार पुत्र स्व. मिश्रीलाल लगातार गांव की जमीन पर कब्जा होने की शिकायत कर रहे हैं।
डीएम व एसपी से की गई शिकायत में कहा गया है कि गाटा संख्या 1844 जो बंजर, जंगल खाते में दर्ज है, उस पर शातिर भू माफिया बाबा पठान उर्फ अबुबकर ने अवैध कब्ज़ा कर रखा है। साथ ही हफीजउल्ला एचएम ग्रीन सिटी द्वारा फर्जी वादों के सहारे इस भूमि को कई लोगों को बेचने का प्रयास किया जा रहा है, जिससे भविष्य में गंभीर विवाद व अप्रिय घटनाएं हो सकती हैं। इसी तरह ग्राम प्रधान ने यह भी बताया कि गाटा संख्या 1843 ब, 1846 झ, 1832 झ और 1830 क भी बंजर खाते की सरकारी भूमि है, जिस पर आस-पड़ोस के लोगों ने कब्ज़ा कर लिया है।
इन अवैध कब्ज़ों से भूमि उपयोग बदल रहा है और सरकारी ज़मीन टुकड़ों में बंट रही है। ग्राम प्रधान का आरोप है कि जब भी वे मामले की शिकायत करते हैं, तो भूमाफिया व दबंग लोग उन्हें फोन और सामने गालियां देते हैं तथा जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि स्थानीय कर्मचारियों की लापरवाही और भ्रामक आख्या के चलते पहले की शिकायतों पर भी कार्रवाई नहीं हुई।
ग्राम प्रधान ने पुलिस अधीक्षक से मांग की है कि अवैध कब्ज़ेदारों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की जाए और ग्राम पंचायत खसपरिया की सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया जाए। एसडीएम सदर आनंद तिवारी ने कहा कि सरकारी जमीन पर अगर किसी ने कब्जा कर रखा है तो उसे हर हालत में खाली कराया जाएगा। दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई भी की जाएगी।
बाबा पठान पर पुलिस भी मेहरबान
बाबा पठान उर्फ अबु बकर का नाम जमीन कब्जाने के मामले में इस समय सबसे ऊपर है। सबसे बड़ा प्रमाण यही है कि शहर कोतवाली में इसके खिलाफ लगभग दर्जन भर मुकदमे दर्ज हो चुके हैं। लेकिन पीड़ितों को हैरानी इसी बात की है कि गिरफ्तारी तो दूर अब तक पुलिस ने इसे छुआ तक नहीं। यही नहीं तहसील प्रशासन ने भी इसके विरूद्ध कोई कार्रवाई नहीं की।
जबकि दो तीन से अधिक मुकदमे होते ही पुलिस जहां गैंगस्टर चार्ट खोलने लगती है, वहीं बाबा पठान पर पुलिस की मेहरबानी समझ से परे है। जबकि एसपी ने शातिरों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दे रखे हैं। ऐसे में कार्रवाई न होने से ही बाबा पठान के हौसले बुलंद हैं। अपर पुलिस अधीक्षक विकास चंद्र त्रिपाठी ने बताया कि बाबा पठान के खिलाफ सभी मुकदमों में कार्रवाई जारी है। प्रधान के आरोपों की जांच की जा रही है। सख्त कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़े : सुल्तानपुर: किशोरी का अपहरण, दुष्कर्म के आरोपी को 10 साल की सजा, कोर्ट ने लगाया 15 हजार का जुर्माना
