उपराष्ट्रपति, प्रधानमंत्री मोदी और सीएम योगी ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की

Amrit Vichar Network
Edited By Anjali Singh
On

दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने राष्ट्रवादी विचारक दीनदयाल उपाध्याय को उनकी 109वीं जयंती पर श्रद्धांजलि देते हुए बृहस्पतिवार को कहा कि राष्ट्रवाद और गरीबों के कल्याण के लिए उनके विचार देश को समृद्धि का मार्ग दिखाते हैं और विकसित भारत के निर्माण में मदद करते हैं। मोदी ने कहा, ‘‘भारत माता के महान सपूत और एकात्म मानववाद के प्रणेता पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी को उनकी जयंती पर कोटिश: नमन। देश को समृद्धि की राह दिखाने वाले उनके राष्ट्रवादी विचार और अंत्योदय के सिद्धांत विकसित भारत के निर्माण में बहुत काम आने वाले हैं।’’ 

उपराष्ट्रपति राधाकृष्णन ने किया याद  

उपराष्ट्रपति सी पी राधाकृष्णन ने राष्ट्रवादी विचारक दीनदयाल उपाध्याय को उनकी जयंती पर याद करते हुए कहा कि उन्होंने संस्कृति में निहित और करुणा से प्रेरित भारत की परिकल्पना की थी। उन्होंने कहा कि उपाध्याय ने गहन विचार और अत्यंत सादगीपूर्ण जीवन जीया। राधाकृष्णन ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘उनके निधन के समय उनकी जेब में सिर्फ पांच रुपये थे। उन्होंने एक ऐसे भारत की कल्पना की थी जो संस्कृति में निहित हो, करुणा से प्रेरित हो और मानवतावाद द्वारा निर्देशित हो।’’ उपराष्ट्रपति ने कहा, ‘‘उपाध्याय का जीवन ‘एकात्म मानवता वाद’ का प्रमाण था। उनकी जयंती पर हम उनकी शाश्वत दूरदृष्टि का सम्मान करते हैं।’

आधुनिक युग की आवश्यकताओं में CM योगी ने बताया पथ प्रदर्शक 

सीएम योगी ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय को 109वीं जयंती पर श्रद्धांजलि देते हुए सोशल मीडिया पर पोस्ट कर लिखा कि 'अंत्योदय' और 'एकात्म मानववाद' के प्रणेता, भारतीय जनसंघ के संस्थापक सदस्य श्रद्धेय पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी की जयंती पर उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि! उनका जीवन राष्ट्रसेवा, संगठन और समर्पण का अनुपम आदर्श था। श्रद्धेय दीनदयाल जी का 'अंत्योदय दर्शन' आज भी वंचितों के उत्थान हेतु पथ-प्रदर्शक है और 'एकात्म मानववाद' भारत की सांस्कृतिक आत्मा को आधुनिक युग की आवश्यकताओं से जोड़ने वाला शाश्वत मार्ग है। उनके आदर्शों से प्रेरित होकर हम समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास और न्याय की रोशनी पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।

स्वदेशी को बढ़ावा देने के अभियान

मथुरा में जन्मे पंडित दीनदयाल उपाध्याय राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के स्वयंसेवक और भारतीय जनसंघ के संस्थापक सदस्यों में से एक थे। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) 17 सितंबर को मोदी के जन्मदिन के उपलक्ष्य में ‘सेवा पखवाड़ा’ मना रही है और इस दौरान उपाध्याय की जयंती मनाने के लिए कई कार्यक्रम आयोजित कर रही है। इन कार्यक्रमों में स्वदेशी को बढ़ावा देने के अभियान के तहत स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने की पहल शामिल है। भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा ने राष्ट्रीय राजधानी में स्वच्छता अभियान में हिस्सा लिया। 

ये भी पढ़े : महाराजा एक्सप्रेस से वृंदावन पहुंचीं राष्ट्रपति मुर्मू... धार्मिक स्थलों का करेंगी दर्शन-पूजन, कुब्जा कृष्ण मंदिर 'महाआरती' में होगी शामिल

 

संबंधित समाचार