बाराबंकी: पंडित दीनदयाल की जयंती पर हुई संगोष्ठी, बोले शिवभूषण - अंत्योदय के सपनों को साकार कर रही मोदी सरकार
बाराबंकी, अमृत विचार। पंडित दीनदयाल उपाध्याय की 109वीं जयंती गुरुवार को जिलेभर में श्रद्धा और उत्साह से मनाई गई। भाजपा कार्यकर्ताओं ने हर बूथ पर उनके चित्र पर माल्यार्पण कर उनके विचारों को स्मरण किया। इस अवसर पर स्वच्छता अभियान, वृक्षारोपण और सेवा पखवाड़ा से जुड़े अभियानों की समीक्षा के लिए बूथ समिति की बैठकें भी आयोजित की गईं।
भाजपा जिला कार्यालय पर आयोजित संगोष्ठी में प्रदेश मंत्री शिवभूषण सिंह ने पंडित दीनदयाल के अंत्योदय के विचारों को केंद्र में रखते हुए प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में चल रही योजनाओं को विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि आज से सात दशक पूर्व रखे गए विचार आज वैश्विक स्तर पर प्रासंगिक हो गए हैं।

अंत्योदय का सपनों को आज मोदी सरकार साकार कर रही है। प्रदेश मंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा 80 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन, 10 करोड़ घरों में शौचालय, 11 करोड़ से अधिक रसोई कनेक्शन, 5 करोड़ परिवारों को आयुष्मान भारत योजना का लाभ देकर समाज के अंतिम व्यक्ति को मुख्यधारा से जोड़ने का कार्य किया जा रहा है। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष अरविंद मौर्य ने की।
उन्होंने सभी अतिथियों का पुष्प गुच्छ और अंगवस्त्र भेंट कर स्वागत किया। संचालन महामंत्री संदीप गुप्ता ने किया। इस अवसर पर एससी-एसटी आयोग के प्रदेश अध्यक्ष बैजनाथ रावत, एमएलसी अंगद सिंह, विधायक दिनेश रावत, अमरीश रावत, शीलरत्न मिहिर, विजय आनंद बाजपेई, धर्मेंद्र यादव, आरती रावत, सुनील सिंह, पवन सिंह रिंकू, रामेश्वरी त्रिवेदी, अर्चना मिश्रा, राकेश पटेल, सूरज सिंह, रोहित सिंह व नवीन राठौर सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

राज्यमंत्री ने स्वच्छता के प्रति किया जागरूक
रामसनेहीघाट: ब्लॉक बनीकोडर के बूथ संख्या 299 तासीपुर में राज्य मंत्री सतीश शर्मा ने “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत पौधारोपण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर मंत्री ने कल्याणी नदी तट स्थित बुढ़वा बाबा मंदिर परिसर में ‘स्वच्छता ही सेवा 2025’ अभियान के तहत स्वच्छता कार्यक्रम में भाग लिया और उपस्थित लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया।

योजनाओं से वंचित नहीं कोई गरीब
रामनगर: ग्राम सीहामऊ में पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर आयोजित सेवा पखवाड़ा कार्यक्रम में मुख्य अतिथि भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश महामंत्री रामबाबू द्विवेदी ने कहा कि उपाध्याय जी का सपना था कि समाज का अंतिम व्यक्ति भी विकास की मुख्यधारा से जुड़े, जिसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकारें साकार कर रही हैं। कार्यक्रम के अंतर्गत मोती पुरी बाबा मंदिर परिसर की सफाई की गई व पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।
एकात्म मानववाद युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत
बाराबंकी: पं. दीनदयाल उपाध्याय समाज सेवा संस्थान ट्रस्ट द्वारा विजय उद्यान स्थित प्रतिमा स्थल पर आयोजित संगोष्ठी में मुख्य वक्ता राष्ट्रभाषा परिषद के अध्यक्ष अजय सिंह 'गुरु जी' ने कहा कि पं. दीनदयाल उपाध्याय का एकात्म मानववाद और अंत्योदय का दर्शन आज भी युवाओं के लिये प्रेरणास्रोत। कार्यक्रम का विषय प्रवर्तन भाजपा नेता व अधिवक्ता संतोष कुमार सिंह ने किया और अध्यक्षता पं. राम लखन शुक्ल ने की। संचालन पवन कुमार मिश्र ने किया।
