Bareilly : जिला अस्पताल में नौकरी लगवाने के नाम पर 2.70 लाख ठगे
बरेली, अमृत विचार। बारादरी थाना क्षेत्र में जालसाज ने दुकानदार की बेटी को जिला अस्पताल में नौकरी लगवाने के नाम पर 2.70 लाख रुपये ठग लिए। आरोपी ने न ही नौकरी लगवाई और न ही दुकानदार के रुपये वापस किए। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
थाना क्षेत्र के मीरा की पैठ निवासी नत्थू लाल ने बताया कि सब्जी मंडी में उनकी परचून की दुकान है। दुकान पर अक्सर आने-जाने वाला पुराना शहर निवासी अभिषेक सक्सेना ने खुद को जिला अस्पताल में सरकारी बाबू बताते हुए विश्वास जीता।
करीब दो साल पहले उसने कहा कि अस्पताल में संविदा पर कंप्यूटर ऑपरेटर की भर्ती हो रही है और रुपये देने पर नौकरी पक्की करवा देगा। नौकरी की उम्मीद में नत्थू लाल ने अपनी बेटी मुस्कान राठौर के लिए सहमति जताई और साल 2023 में गवाहों की मौजूदगी में 2.70 लाख रुपये अभिषेक को दे दिए।
बेटी के शैक्षिक प्रमाणपत्रों की फोटोकॉपी भी उसने अपने पास रख ली, लेकिन न तो नौकरी मिली और न ही रुपये लौटाए गए। रुपये मांगने पर अभिषेक बहाने बनाकर टालता रहा। आरोप है कि 20 जुलाई को जब नत्थू लाल उसके घर रुपये मांगने गए तो अभिषेक ने रकम देने से साफ मना कर दिया और जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
