बरेली : व्यापारी अपने धन से सजाता है बाजार, रौनक लूट रहा ऑनलाइन बाजार
ऑनलाइन बाजार के खिलाफ व्यापारियों के जन आंदोलन का आगाज, जमकर जताया विरोध
बरेली, अमृत विचार: उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल ने गुरुवार से ऑनलाइन बाजार को पस्त करने के लिए जन आंदोलन का आगाज कर दिया है। इस अभियान की शुरुआत डेलापीर स्थित आदर्श गल्ला मंडल स्थित मंडल के नवीन कार्यालय के उद्घाटन से हुई। व्यापारियों साल दर साल बढ़ रहे ऑनलाइन बाजार के खिलाफ स्थानीय बाजार में ही खरीदारी का संकल्प लिया। स्थानीय उत्पाद, स्थानीय पर्यटन, स्थानीय व्यापार लिखे पोस्टर भी व्यापारियों को सौंपे।
कार्यक्रम के दौरान सांसद छत्रपाल ने कहा कि देश में समृद्धि आए, जनता के साथ व्यापारी वर्ग भी खुशहाल हो, इसकी चिंता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने की है। जहां सभी आम नागरिकों को जीएसटी की दरों में बदलाव करके अवसर दिया है कि वह अपनी मनपसंद वस्तुएं कम दामों में खरीद पाएं वहीं आम जनता की भी जिम्मेदारी है कि देश को खुशहाल बनाने के लिए स्वदेशी अपनाने का बीड़ा उठाएं। अपने निकट के दुकानदारों से ही सामान खरीदें। ऑनलाइन खरीदारी से विदेशी कंपनियां मजबूत होती हैं। सारा धन विदेशों को जाता है और हमारा स्थानीय दुकानदार प्रभावित होता है।
विशिष्ट अतिथि कृषि सलाहकार अध्यक्ष डॉ. घनश्याम खंडेलवाल ने कहा कि सरकार ने 90 फीसदी उन वस्तुओं पर जीएसटी की दरें कम की हैं जो कि रोजमर्रा की वस्तुएं हैं इससे हर वर्ग में राहत है। वहीं लंबे समय से कई सर्वे में ये खुलासा हुआ है कि 90 फीसदी ऐसे व्यापारी हैं जो कि टैक्स का समय पर भुगतान कर रहे हैं। ऐसे में ऑनलाइन बाजार से सर्वाधिक चोट छोटे व्यापारियों को पहुंच रही है, इसलिए अब सचेत होने का समय आ गया है। सभी स्वदेशी अपनाने को संकल्पित हों। उन्होंने कृषि क्षेत्र में प्रधानमंत्री द्वारा ट्रैक्टर व अन्य कृषि यंत्रों पर जीएसटी कम किए जाने पर भी हर्ष व्यक्त किया और कहा कि जब किसान समृद्ध बनता है तो उसका असर उद्योग और व्यापार पर भी पड़ता है।
व्यापार मंडल के प्रांतीय महामंत्री राजेंद्र गुप्ता ने कार्यालय के उद्घाटन के साथ सभी व्यापारियों का आह्वान किया है कि वह अपनी दुकान से भी स्थानीय उत्पादों की बिक्री को बल देंगे। विदेशी कंपनियों के सामानों को प्राथमिकता से नहीं बेचेंगे और ग्राहकों को भी स्थानीय उत्पादों के गुणों से अवगत कराएंगे। व्यापारियों की ओर से प्रधानमंत्री को दिए जाने वाले धन्यवाद प्रस्ताव की प्रस्तावना रखते हुए कैंट विधायक संजीव अग्रवाल ने कहा कि व्यापारी पिछले 11 वर्षों से देख रहा है कि टैक्स की दरें निरंतर घट रही हैं। अनेकों वस्तुओं पर तो टैक्स शून्य हो गया है, लेकिन सरकार ने जिस विश्वास के साथ टैक्स की दर कम की है व्यापारी उसमें शत प्रतिशत खरा उतरेंगे। वन मंत्री डॉ. अरुण कुमार ने भी विचार प्रस्तुत किए। बिथरी विधायक डॉ. राघवेंद्र शर्मा ने कहा कि जिस प्रकार देश को सजाने में बड़े उद्योगपतियों का धन काम आता है उसी प्रकार शहर को व्यापारी अपने धन से सजाता है, लेकिन ऑनलाइन बाजार बढ़ने से रौनक कम हो रही है, अब इसकी चिंता हर आम आदमी को करनी चाहिए।

मंडल महानगर महामंत्री राजेश जसोरिया ने बताया कि स्थानीय उत्पाद, स्थानीय पर्यटन, स्थानीय व्यापार लिखे पोस्टरों को शहर के प्रमुख बाजारों में लगाकर व्यापारियों को जागरूक किया जाएगा। इसके बाद उन्होंने मंडी सचिव अनिल कुमार, यूनियन बैंक के रीजनल प्रबंधक बृजेश तिवारी, आईआईए के अध्यक्ष मयूर धीरवानी, सेन्ट्रल यूपी चैंबर ऑफ कामर्स एंड इन्डस्ट्री वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष राजीव सिंघल, डॉ प्रमेंद्र माहेश्वरी, विशाखा समिति की सदस्य बबीता रस्तोगी, जितेंद्र रस्तोगी, मनोज थपलियाल, संजीव अग्रवाल मिंटू का स्वागत किया। अंत में धन्यवाद प्रांतीय उपाध्यक्ष संजीव चांदना ने दिया। कार्यक्रम में दर्शन लाल भाटिया, श्याम मिठवानी, मनमोहन सब्बरवाल, सुरेश जैन, अंजनी गुप्ता, विपिन गुप्ता, प्रवीण गोयल, दिलीप गुप्ता, आशुतोष गोयल, ईशान गुप्ता, मनीष अग्रवाल, कैलाश मित्तल, शुजा उर रहमान, राजेश कटिहा, धर्म प्रकाश, रचित गुप्ता अभिषेक वर्मा, विपिन गर्ग उपस्थित रहे।
