Amethi News : चार बच्चों के सिर से उठा पिता का साया, तालाब में डूबने से युवक की मौत
अमेठी, अमृत विचार। जामो थाना क्षेत्र अंतर्गत बाबा झामदास कुटी स्थित तालाब में शुक्रवार को स्नान करते समय एक युवक की डूबने से दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है। छोटे-छोटे चार बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया, जिससे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

जानकारी के अनुसार, मृतक जयलाल उर्फ जग्गू (30 वर्ष) निवासी पूरे गोसाई, दाखिनवारा रोज की तरह शुक्रवार को झामदास कुटी स्थित तालाब पर स्नान करने गया था। स्नान करते समय अचानक वह गहरे पानी में चला गया और डूब गया। काफी देर तक घर न लौटने पर परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरू की।
इसी दौरान लोगों ने सगरे में शव देखा और तुरंत पुलिस व परिजनों को सूचना दी। सूचना पाकर मौके पर पहुंची जामो पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और आवश्यक विधिक कार्यवाही शुरू कर दी है। इस दर्दनाक घटना से गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
