गोंडा न्यूज: चोरी की अफवाह में विक्षिप्त युवक को पेड़ से बांधकर पीटा, पुलिस ने बचाई जान

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

नवाबगंज/गोंडा, अमृत विचार। चोरी की अफवाहों ने थाना क्षेत्र के गांवों में दहशत मचा रखी है। बीते 20 दिनों में इसी अफवाह की वजह से वन निगम के दरोगा समेत आधा दर्जन से अधिक लोग पीट-पीटकर घायल हो चुके हैं। पुलिस लगातार गांवों में जागरूकता अभियान चला रही है और लोगों से अपील कर रही है कि किसी भी संदिग्ध को हाथ न लगाएं, लेकिन अफवाहों पर लोगों का नियंत्रण नहीं हो रहा।

ताजा मामला कोल्हमपुर चौकी अंतर्गत शाहपुर गांव का है। गुरुवार रात, मानसिक रूप से विक्षिप्त युवक निर्मोही यादव, जो पड़ोसी बल्लीपुर गांव का रहने वाला है, सांस्कृतिक कार्यक्रम देखने के बाद भटककर शाहपुर पहुंच गया। गांववालों ने उसे चोर समझकर घेर लिया, गमछे से पेड़ से बांधकर बेरहमी से पीटा।

सूचना पाकर मौके पर कोल्हमपुर चौकी प्रभारी शिवकुमार यादव पहुंचे और उन्होंने युवक को बंधन मुक्त कर परिजनों को सौंपा। पीड़ित के पिता मोहनलाल यादव ने बताया कि उनका बेटा मानसिक रूप से विक्षिप्त है और बोल भी नहीं सकता। थाना अध्यक्ष अभय सिंह ने कहा कि घटना में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अब घटना से जुड़े वीडियो और फोटो की जांच कर रही है।

संबंधित समाचार