UP: हेयर स्टाइलिस्ट जावेद हबीब व साथियों पर कसेगा कानून का शिकंजा 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

संभल, अमृत विचार। हेयर स्टाइलिस्ट जावेद हबीब व उनके साथियों द्वारा कंपनी में निवेश कर मुनाफे का लालच देकर करोडों की ठगी के मामले में शुक्रवार को पीड़ितों ने एसपी केके विश्नोई को आपबीती सुनाई। एसपी ने कहा कि ठगी करने वालों पर कानून का शिकंजा कसेगा।

पीड़ितों ने एसपी को बताया कि एचएल ग्लोबल कंपनी में 4 से 10 लाख रुपये निवेश करने पर प्रतिवर्ष 50 से 75 प्रतिशत तक मुनाफे का झांसा दिया गया था। लेकिन कंपनी करोड़ों रुपये जुटाकर दिल्ली में निवेश कर गायब हो गई। पीड़िता अल्बिना ने बताया कि उनसे ढाई साल पहले शादी के लिए रखे गए 4.70 लाख रुपये निवेश कराए गए थे। हर महीने 50 हजार रुपये देने का वादा किया गया, लेकिन अब तक एक पैसा नहीं मिला।

इसी तरह मोहम्मद रेहान ने 2.20 लाख रुपये नकद निवेश करने की बात कही, जबकि रईस अहमद ने बताया कि करीब 150 लोगों से 5 करोड़ रुपये से अधिक की ठगी हुई है। एसपी कृष्ण कुमार विश्नोई ने पीड़ितों को बताया कि जावेद हबीब, उनके बेटे और सैफुल नामक व्यक्ति के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज किया गया है। इस मामले में पुलिस गहनता से जांच कर रही है। आरोपी कहीं भी भाग लें उन्हें कानून का सामना करना ही पड़ेगा।

संबंधित समाचार