नगर निगम ने सहारा समूह से वापस ली 170 एकड़ भूमि, शर्तों के उल्लंघन पर सम्पत्ति विभाग ने की कार्रवाई

Amrit Vichar Network
Edited By Muskan Dixit
On

गोमती नगर के उजरियांव और जियामऊ में सहारा ने 30 साल के लिए लाइसेंस डीड पर ली थी जमीन

लखनऊ, अमृत विचार: ग्राम उजरियांव तथा जियामऊ में नियमों का उल्लंघन करने पर नगर निगम ने सहारा समूह से 170 एकड़ भूमि वापस ले ली है। शनिवार को नगर निगम की टीम ने जमीन पर कब्जा प्राप्त कर अपना बोर्ड लगा दिया। गोमती नगर के उजरियांव और जियामऊ में 170 एकड़ भूमि को 1994 में आवासीय कालोनी और व्यावसायिक इस्तेमाल के लिए सहारा ने नगर निगम से 30 साल के लिए लाइसेंस डीड पर लिया था।

नगर आयुक्त गौरव कुमार ने बताया कि 2024 में यह लीज समाप्त हो गई थी। जांच और समीक्षा में पाया गया कि सहारा ने भूमि पर लाइसेंस एग्रीमेंट और लीज डीड की शर्तों का उल्लंघन किया और शासकीय भूमि को अपनी संपत्ति घोषित करने का प्रयास किया, जिससे नगर निगम को संभावित आर्थिक और शासकीय हानि हो सकती थी। जांच समिति की संस्तुति और विधिक अभिमत के आधार पर नगर निगम ने आवासीय एवं व्यावसायिक प्रयोजन के लिए 130 एकड़ भूमि का लाइसेंस एग्रीमेंट निरस्त कर दिया। साथ ही पूर्व में ग्रीन बेल्ट विकसित करने के लिए ली गयी 40 एकड़ भूमि की लीज डीड को भी निरस्त कर दिया है। नगर निगम की सम्पत्ति विभाग की टीम ने तहसीलदार एवं पर्याप्त पुलिस बल की उपस्थिति में उक्त भूमि पर कब्जा प्राप्त कर भूमि को संरक्षित और सुरक्षित किया है।

यह भी पढ़ेंः TVK Vijay Rally Stampede: तमिनलाडु के करूर में मची भगदड़, 39 की मौत... कई घायल, छलका CM स्टालिन का दर्द, पुलिस ने दर्ज की FIR

संबंधित समाचार