Good News: नौ किलोवाट का तक है कनेक्शन तो खुद बना लें बिजली बिल, UPPCL ने शुरू की ट्रस्ट बिलिंग प्रणाली
लखनऊ, अमृत विचार: पावर कारपोरेशन अब घरेलू और वाणिज्यिक श्रेणी के उन उपभोक्ताओं को बड़ी राहत देने जा रहा है, जिनके पास 1 से 9 किलोवॉट तक का बिजली कनेक्शन है। ऐसे उपभोक्ता अब घर बैठे खुद से अपना बिजली बिल बना सकेंगे। यह सुविधा यूपीपीसीएल की ओर से शुरू की गई ट्रस्ट बिलिंग प्रणाली के तहत दी जा रही है। उपभोक्ता ऑनलाइन पोर्टल या मोबाइल एप के जरिए जैसे ही मीटर रीडिंग दर्ज करेगा, 24 घंटे के भीतर उनके रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर या ईमेल पर बिल की सूचना पहुंच जाएगी। बिल की जानकारी उपभोक्ता अपने मोबाइल या कंप्यूटर पर डाउनलोड और प्रिंट भी कर सकते हैं।
ऐसे करें लॉगिन और बिल जेनरेट
बिल को जेनरेट करने के लिए यूपीपीसीएल की अधिकारिक वेबसाइट या मोबाइल कंज्यूमर एप जो गूगल प्ले स्टोर या एप्पल स्टोर पर जाकर कंज्यूमर कॉर्नर में सेल्फ बिल जेनरेशन विकल्प पर क्लिक करें। इसमें उपभोक्ता को अपना खाता नंबर, वर्तमान मीटर रीडिंग और पिछले महीने की डिमांड रीडिंग दर्ज करनी होगी। एक बार पंजीकरण होने के बाद, उपभोक्ता हर महीने एक बार रीडिंग दर्ज कर अपना बिल स्वयं बना सकेंगे।
गलत रीडिंग पर होगी कार्रवाई
यूपीपीसीएल अधिकारियों ने कहा कि यदि उपभोक्ता की ओर से दर्ज की गई रीडिंग में गड़बड़ी पाई जाती है तो मीटर की जांच की जाएगी। यदि रीडिंग में वास्तविक और दर्ज रीडिंग में बड़ा अंतर पाया गया या मीटर में स्टोर रीडिंग अलग निकली, तो उपभोक्ता से डेढ़ गुना अतिरिक्त एनर्जी चार्ज वसूला जाएगा।
48 घंटे में बिल न मिले तो कहां करें संपर्क
अगर उपभोक्ता की ओर से रीडिंग दर्ज करने के 48 घंटे बाद भी बिल नहीं मिलता, तो वह हेल्पलाइन नंबर 1912 पर कॉल कर सकते हैं। इसके साथ ही उपकेंद्र के बिजली अधिकारियों से संपर्क करके समाधान पा सकते हैं।
ये होंगे फायदे
मीटर रीडिंग में गड़बड़ी से बचाव
उपकेंद्रों के चक्कर लगाने से मुक्ति
समय पर बिलिंग और भुगतान की सुविधा
पारदर्शी और उपभोक्ता केंद्रित है यह सेवा
