2025 को बेहद खुशनसीब साल मानते हैं आदर्श गौरव
अभिनेता आदर्श गौरव 2025 को अपने लिए बेहद खुशनसीब साल मानते हैं। तेजी से उभरते सितारे आदर्श गौरव, जो अपने अलग-अलग किरदारों और बेखौफ रोल चुनने के लिए जाने जाते हैं, 2025 को अपने करियर का सबसे खास साल बनाने जा रहे हैं। उन्होंने जोया अख्तर और रीमा कागती की सुपरबॉयज ऑफ मालेगांव से भारतीय दर्शकों का दिल जीता और रिडली स्कॉट की अंतर्राष्ट्रीय साइ-फाई सीरीज एलियन: अर्थ से ग्लोबल पहचान पाई। इसके अलावा आदर्श ने हाल ही में अपनी पहली तेलुगु फिल्म, एक मनोवैज्ञानिक ड्रामा की शूटिंग भी पूरी कर ली है। फिलहाल वह आनंद एल. राय की बहुप्रतीक्षित क्रिएचर ड्रामा तू या मैं की शूटिंग कर रहे हैं, जिसमें उनके साथ शनाया कपूर नजर आएंगी। इस खास साल को लेकर आदर्श ने अपने दिल की बातें साझा की,“2025 मेरे लिए एक अहम मोड़ जैसा है, बतौर अभिनेता और बतौर कहानीकार दोनों रूपों में। सुपरबॉयज ऑफ मालेगांव मेरे लिए बहुत ही व्यक्तिगत और भावनात्मक अनुभव था। रीमा के निर्देशन में और जोया के प्रोडक्शन में छोटे शहर के सपनों को सेलिब्रेट करने वाली यह कहानी मुझे फिर याद दिलाती है कि मैंने सिनेमा से पहली बार क्यों प्यार किया था।
दूसरी तरफ, एलियन: अर्थ मेरे लिए बिल्कुल अलग अनुभव था - इसका पैमाना, इसका सपना और रिडली स्कॉट जैसे दिग्गज के साथ और एक बेहतरीन इंटरनेशनल कास्ट के साथ काम करने का मौका अविश्वसनीय था। एक ही साल में इतने बड़े प्रोजेक्ट पूरे करना मेरे लिए बहुत संतोषजनक रहा है।’ आदर्श ने कहा, ‘मैंने हाल ही में अपनी पहली तेलुगु फिल्म की शूटिंग पूरी की है, जो मेरी मातृभाषा है। यह मेरे लिए एक नया अनुभव और नए दर्शकों से जुड़ने का एक शानदार मौका रहा। इसके साथ ही अभी मैं आनंद एल. राय की तू या मैं की शूटिंग कर रहा हूं, जो एक और सपना पूरा होने जैसा है। आनंद सर की कहानियां हमेशा दिल और भव्यता का अनोखा मेल होती हैं और एक ऐसी फिल्म का हिस्सा बनना जो जॉनर की सीमाओं को तोड़ती है, मेरे लिए बेहद रोमांचक है। मैं उन सभी फिल्ममेकर्स का शुक्रगुजार हूं, जिन्होंने मुझ पर भरोसा किया और उन दर्शकों का भी, जिन्होंने भारत और विदेश दोनों जगह मुझे लगातार प्यार और हौसला दिया। इतने अलग-अलग जॉनर, भाषाओं और पैमानों पर काम करने का मौका मुझे याद दिलाता है कि जब तक मैं अपने काम के प्रति ईमानदार हूं, संभावनाएं अनंत हैं।’ तीन बड़े प्रोजेक्ट्स के साथ, जो अलग-अलग भाषाओं, जॉनर और इंडस्ट्रीज़ से जुड़े हैं। आदर्श गौरव ने खुद को इस पीढ़ी के सबसे बहुमुखी और होनहार अभिनेताओं में मजबूती से स्थापित कर लिया है। 2025 की उनकी यात्रा यह साबित करती है कि भारतीय अभिनेता अब सीमाओं को पार कर सचमुच ग्लोबल परफॉर्मर बनने की परिभाषा गढ़ रहे हैं।
