Happy Birthday Ranbir Kapoor: रणबीर कपूर ने मनाया 43वां जन्मदिन... संजय लीला भंसाली की फिल्म सांवरिया ने दिलाई पहचान

Amrit Vichar Network
Edited By Muskan Dixit
On

मुंबई। बॉलीवुड के चहेते अभिनेता रणबीर कपूर आज 43 वर्ष के हो गए। 28 सितंबर 1982 को मुंबई में जन्मे रणबीर को अभिनय की कला अपने माता-पिता से विरासत में मिली। उनके पिता ऋषि कपूर और मां नीतू सिंह हिंदी सिनेमा के प्रसिद्ध कलाकार रहे हैं। रणबीर ने अपने फिल्मी करियर की शुरुआत 2007 में संजय लीला भंसाली की फिल्म 'सांवरिया' से की थी, जिसमें अनिल कपूर की बेटी सोनम कपूर ने भी डेब्यू किया था। हालांकि 'सांवरिया' बॉक्स ऑफिस पर खास कमाल नहीं दिखा पाई, लेकिन रणबीर के अभिनय ने दर्शकों का दिल जीत लिया। इस फिल्म के लिए उन्हें सर्वश्रेष्ठ नवोदित अभिनेता का फिल्मफेयर पुरस्कार मिला।

2009 में रिलीज हुई फिल्म 'वेक अप सिड' रणबीर के करियर की पहली हिट फिल्म बनी। अयान मुखर्जी के निर्देशन में बनी इस फिल्म में रणबीर ने अपने संजीदा अभिनय से दर्शकों को प्रभावित किया और सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का फिल्मफेयर क्रिटिक्स पुरस्कार हासिल किया। 2010 में रणबीर को प्रकाश झा की राजनीति पर आधारित फिल्म 'राजनीति' में काम करने का मौका मिला, जिसमें उनके गंभीर अभिनय ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। 

वर्ष 2011 में इम्तियाज अली की फिल्म 'रॉकस्टार' ने रणबीर को बॉलीवुड में एक नई पहचान दी। इस फिल्म में उनके भावपूर्ण और गहरे अभिनय ने उन्हें न केवल दर्शकों की वाहवाही दिलाई, बल्कि पहली बार सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का फिल्मफेयर पुरस्कार और क्रिटिक्स पुरस्कार भी हासिल किया।

संबंधित समाचार