गोरखपुर: सीएम योगी ने पूर्व कुलपति प्रो. उदय प्रताप सिंह के पार्थिव शरीर पर अर्पित किये श्रद्धा सुमन
गोरखपुर। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को महाराणा प्रताप शिक्षा परिषद के अध्यक्ष और पूर्वांचल विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति प्रो. उदय प्रताप सिंह के पार्थिव शरीर पर गोरखपुर के राजेंद्र नगर स्थित आवास पर जाकर श्रद्धांजलि अर्पित की। योगी बलरामपुर से गोरखपुर आए और सबसे पहले प्रो. यूपी सिंह के आवास पर पहुंचे।
उन्होंने स्मृतिशेष महाराणा प्रताप शिक्षा परिषद के अध्यक्ष के पार्थिव शरीर पर पुष्प चक्र अर्पित कर उन्हें नमन किया। मुख्यमंत्री ने प्रो. सिंह के पुत्र प्रो वीके सिंह, प्रो. राजीव कृष्ण सिंह और अन्य परिजनों से आत्मीय संवाद कर उन्हें ढांढस भी बंधाया।
प्रो. सिंह का रविवार को गोरखपुर स्थित राप्ती नदी के राजघाट पर उनका अंतिम संस्कार किया गया। मुखाग्नि उनके ज्येष्ठ पुत्र एवं गोरखपुर विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति प्रो. वीके सिंह ने दी। प्रो. सिंह के अंतिम दर्शन के लिए उनके आवास पर तथा पार्थिव शरीर की अंतिम यात्रा और अंतिम संस्कार के समय महाराणा प्रताप शिक्षा परिषद के पदाधिकारी, सदस्य, परिषद की संस्थाओं के प्रमुख, शिक्षक, कर्मचारी, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
इस मौके पर गोरखपुर के महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) डॉ. धर्मेंद्र सिंह, विधायक विपिन सिंह, राजेश त्रिपाठी, महेंद्रपाल सिंह, डॉ. विमलेश पासवानए प्रदीप शुक्ला, राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष चारू चौधरी, भाजपा के जिलाध्यक्ष जनार्दन तिवारी, महानगर संयोजक राजेश गुप्ता, पूर्व जिलाध्यक्ष युधिष्ठिर सिंह सहित प्रो. विश्वनाथ तिवारी, एमएलसी ध्रुव त्रिपाठी, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांत प्रचारक रमेश जी, डॉ. महेंद्र अग्रवाल, पूर्व विधायक शीतल पांडेय, महायोगी गोरखनाथ विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. प्रदीप कुमार राव, डॉ. राजवंत राव, डॉ राजेंद्र भारती सहित बड़ी संख्या में प्रबुद्धजन और आम नागरिक उपस्थित रहे।
