प्रतापगढ़ : स्नातक की 101 छात्राओं को भेंट की साइकिल, खिल उठे चेहरे, ग्राम प्रधान राजेंद्र बबऊ की इस पहल की हो रही सराहना
प्रतापगढ़, अमृत विचार। नवरात्र में देवी स्वरूपा कन्याओं को उच्च शिक्षा के लिए कॉलेज जाने को साइकिल का वितरण किया गया। मानधाता के पर्वतपुर गांव के प्रधान राजेंद्र प्रताप सिंह बबऊ ने रविवार को स्नातक प्रथम वर्ष कर रही 101 छात्राओं को साइकिल का वितरण किया। इसे पाकर छात्राओं केे चेहरे खुशी से चहक उठीं।
मुख्य अतिथि अष्टभुजा इंटर कालेज जेठवारा के पूर्व प्रधानाचार्य लालता प्रसाद पांडेय ने कहा बेटियां शिक्षित होती हैं तो दो परिवार को शिक्षित करती हैं। ग्राम प्रधान का यह कार्य अत्यंत सराहनीय है। इन्होंने वर्ष 2018 में 21 बालिकाओं से उनकी शिक्षा में मदद करने की शुरुआत की थी। आज यह संख्या 100 पहुंच गई है। गत वर्ष इन्होेंने 64 बालिकाओं को साइकिल दी थी।
आयोजक ग्राम प्रधान राजेंद्र प्रताप सिंह बबऊ ने कहा कि वे देखते थे कि बालिकाएं स्कूल जाने के लिए चौराहों पर वाहनों का इंतजार करतीं थीं। इसे देख कर उन्होंने तय किया कि वे बालिकाओं को स्कूल जाने के लिए साइकिल देंगे। अपने सहयोगियों से क्षेत्र की जरूरतमंद ऐसी बालिकाओं को चिह्नित कराया जो इंटर की पढ़ाई के बाद स्नातक कर रहीं थीं। आज उन्हें अत्यंत आत्मीय सुख मिला है।
विशिष्ट अतिथि बीडी मिश्र इंटर कालेज तारापुर के प्रधानाचार्य विनोद कुमार शुक्ल ने कहा कि यह अत्यंत पूनीत कार्य है। अग्ध्यक्षता सूर्यबली मिश्र एवं संचालन दिवाकर सिंह ने किया। इस मौके पर हरिकेश बहादुर सिंह, कमलेश बहादुर सिंह,शिव शंकर बौद्ध,अरुण सिंह, दीपू सिंह, प्रधान संघ अध्यक्ष सदर ज्ञानेंद्र सिंह,अखिलेश सिंह,दयाशंकर सिंह, ओम प्रकाश पुष्पाकर,रिंकू मिश्र,सोनू सिंह आदि मौजूद रहे।
