लखनऊ में भारत-पाकिस्तान क्रिकेट मुकाबले के बाद जश्न का माहौल, प्रमुख चौराहों पर उमड़ी भीड़

Amrit Vichar Network
Edited By Anjali Singh
On

लखनऊ, अमृत विचार: एशिया कप टी-20 के फाइनल मैच में रिंकू सिंह के बल्ले से विजयी चौका लगते ही आधी रात को लखनऊ के युवा हाथों में तिरंगा लेकर सड़कों पर उतर आए। आतिशबाजी के साथ जीत का जश्न शुरू हो गया। हजरतगंज, 1090 चौराहे पर तो हजारों युवाओं को हुजूम उमड़ पड़ा। भारत माता की जय, वंदे मातरम के जयकारों के साथ देर रात तक युवा थिरकते रहे।

भारतीय क्रिकेट प्रेमियों को अपनी टीम की पूरी संभावना थी। सभी ने पहले से ही जश्न मनाने की तैयारी कर रखी थी। हालांकि भारतीय टीम के शुरुआती तीन विकेट जल्दी-जल्दी गिरने से एक बारगी कुछ निराशा हुई लेकिन चौथे विकेट के लिए तिलक वर्मा ने संजू सैमसंग के साथ पारी को संभाला और फिर शिवम दुबे ने जीत की बुनियाद को मजबूत कर दिया। इसके साथ ही भारतीय क्रिकेट प्रेमियों का उत्साह बढ़ता गया। 

रिंकू सिंह ने गेंद को सीमा रेखा के पार भेजकर एक बार फिर विजय गाथा लिख दी। इसके साथ ही टीवी से के सामने बैठे क्रिकेट प्रेमी सड़कों पर उतर आए। जगह-जगह पटाखे फोड़े जाने लगे। आतिशबाजी से आसमान भी जगमगा उठा। हजरतगंज चौराहे पर तो हुजुम ही उमड़ पहा। गोमती नदी किनारे भी जमकर आतिशबाजी हुई। तिरंगा लहराते युवाओं ने एक दूसरे को मिठाई भी खिलाई। 

क्रिकेट प्रेमियों ने पाकिस्तान को हराने पर भारत की टीम की हैट्रिक पूरी होने की बात कही, तो कुछ ने इस जीत को पहलगाम में मारे गए भारतीयों के बदले की तरह भी देखा। वहीं मैच के दौरान दर्शकों का उत्साह चरम पर था, और हर चौके-छक्के के बाद बजने वाले फिल्मी गाने व आतिशबाजी ने माहौल को और भी रंगीन बना दिया।

वहीं लोगों की भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए थे। पाकिस्तान के ऊपर भारत को मिली इस महत्वपूर्ण जीत ने न केवल क्रिकेट प्रेमियों को खुश किया, बल्कि पूरे शहर में एकता और देशभक्ति की भावना से लोगों को भर दिया।

ये भी पढ़े : IND vs PAK Final: भारत-पाकिस्तान के बीच मुकाबला, मैदान पर दिखेगा हाई वोल्टेज ड्रामा

संबंधित समाचार