Mission Shakti 5.0: बाराबंकी की DM बनीं आंचल वर्मा, दो गंभीर शिकायतों का निस्तारण, कलेक्ट्रेट परिसर का भ्रमण कर अधिकारियों के साथ की बैठक
बाराबंकी, अमृत विचार। नवरात्रि की दुर्गा अष्टमी पर मिशन शक्ति 5.0 के अंतर्गत राजकीय बालिका इंटर कॉलेज बाराबंकी की कक्षा 12 की छात्रा आंचल वर्मा को सांकेतिक रूप से एक दिन का जिलाधिकारी बनाया गया। डीएम शशांक त्रिपाठी की इस पहल ने न केवल बेटियों का मनोबल बढ़ाया, बल्कि समाज को यह संदेश भी दिया कि बेटियां प्रशासनिक जिम्मेदारी निभाने में पूरी तरह सक्षम हैं।
डीएम की कुर्सी संभालते ही आंचल ने दो गंभीर शिकायतों का निस्तारण कर अधिकारियों को निर्देशित किया और अपनी जिम्मेदारी को बखूबी निभाया। उन्होंने कलेक्ट्रेट परिसर का भ्रमण कर अधिकारियों के साथ बैठकें कीं और आत्मविश्वास से संवाद किया। इस मौके पर जिला विद्यालय निरीक्षक ओपी त्रिपाठी और जीजीआईसी की प्रिंसिपल नंदिता सिंह ने भी छात्रा के प्रयासों की सराहना की। कार्यक्रम में तमाम अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
