गांधी जयंती : प्रधानमंत्री ने राजघाट जाकर बापू को दी श्रद्धांजलि , कहा-उनके आदर्शों ने मानव इतिहास की दिशा बदली

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के मौके पर गुरुवार को उनके समाधि स्थल राजघाट जाकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने भी महात्मा गांधी की जयंती पर राजघाट पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। 

राजघाट जाने से पहले प्रधानमंत्री ने एक्स पर लिखा, "गाँधी जयंती, प्रिय बापू के असाधारण जीवन को श्रद्धांजलि देने का दिन है, जिनके आदर्शों ने मानव इतिहास की दिशा बदल दी। उन्होंने दिखाया कि कैसे साहस और सादगी महान परिवर्तन के साधन बन सकते हैं। वे सेवा और करुणा की शक्ति को लोगों को सशक्त बनाने के अनिवार्य साधन मानते थे।

हम एक विकसित भारत के निर्माण के अपने अभियान में उनके बताए मार्ग पर चलते रहेंगे।" वहीं, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा, "आज दो अक्तूबर है, राष्ट्रपति महात्मा गांधी की जयंती है। यह पूरी दुनिया के लिए शोध और जिज्ञासा का विषय रहा है कि क्या केवल सत्य और अहिंसा के मार्ग पर चलकर ही स्वतंत्रता प्राप्त की जा सकती है, लेकिन भारत ने यह कर दिखाया। इतना ही नहीं, स्वदेशी का भी आजादी की लड़ाई में बहुत बड़ा योगदान रहा... भारत की आजादी की लड़ाई ने दिखाया कि सत्य, अहिंसा और स्वदेशी के सहारे भी सदियों की गुलामी से आजादी मिल सकती है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के मौके पर उन्हें नमन किया और कहा कि उन्होंने ईमानदारी, विनम्रता और दृढ़ संकल्प से चुनौतीपूर्ण समय में भी भारत को सशक्त बनाया। श्री मोदी ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा, लाल बहादुर शास्त्री एक असाधारण राजनेता थे जिनकी ईमानदारी, विनम्रता और दृढ़ संकल्प ने चुनौतीपूर्ण समय में भी भारत को सशक्त बनाया। वे अनुकरणीय नेतृत्व, शक्ति और निर्णायक कार्रवाई के प्रतीक थे। 'जय जवान जय किसान' के उनके आह्वान ने हमारे लोगों में देशभक्ति की भावना जगाई। वे हमें एक सशक्त और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण के लिए निरंतर प्रेरित करते रहते हैं।" उल्लेखनीय है कि पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री का जन्म 02 अक्टूबर 1904 में उत्तर प्रदेश के तत्कालीन मुगल सराय (अब) पंडित दीन दयाल उपाध्याय नगर) में हुआ था। 

संबंधित समाचार