UP: ब्रजघाट में गंगा पुल की रेलिंग तोड़ लटकी रोडवेज बस, यात्रियों में मची चीख पुकार

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

गजरौला, अमृत विचार। दिल्ली जा रही रामपुर डिपो की बस ब्रजघाट में रेलिंग को तोड़कर गंगा पुल पर लटक गई। उसमें सवार यात्रियों में चीख पुकार मच गई। गनीमत रही की बड़ा हादसा होने से टल गया। नेशनल हाईवे पर जाम लग गया। हापुड़ व अमरोहा जनपद पुलिस ने यात्रियों को सकुशल बाहर निकालकर क्रेन के माध्यम से बस को उठाया।

रामपुर डिपो की रोडवेज बस शनिवार को दिल्ली जा रही थी। बस में 16 यात्री सवार थे। बृजघाट गंगा पुल पर अचानक से बस के ब्रेक फेल हो गए। जिससे बस पुल पर लगी लोहे की रेलिंग को तोड़ते हुए दोनों पुल के बीच में लटक गई। नीचे बह रही गंगा को देख बस में सवार यात्री बुरी तरह डर गए। बचाव के लिए उन्होंने शोर मचाना शुरू कर दिया। चीख पुकार की आवाज सुनकर लोगों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस भी मौके पर पहुंची तथा बस में सवार सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।

बताया जा रहा है कि हादसे में बस चालक काशीपुर के खड़गपुर देवी गांव निवासी अनूप सिंह घायल हो गया। हादसे के बाद हाईवे पर दिल्ली जाने वाली सड़क पर जाम के हालात बन गए। कुछ ही देर में हाईवे पर करीब चार किलोमीटर लंबा जाम लग गया। जिसमें सैकड़ों वाहन फंस गए। इसी जाम में तीन निजी एंबुलेंस भी घंटों तक फंसी रही। हालांकि बाद में पुलिस ने एंबुलेंस को वन-वे ट्रैफिक से निकाल दिया। बृजघाट चौपला चौकी इंचार्ज प्रवीन कुमार ने बताया कि ब्रेक फेल होने पर हादसा हुआ था। यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है।

 

संबंधित समाचार