बरेली बवाल : फरार इनामी तीन हिस्ट्रीशीटर समेत सात की संपत्ति होगी कुर्क

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। आईएमसी प्रमुख मौलाना तौकीर रजा खां के इशारे पर 26 सितंबर को जुमे की नमाज के बाद पुलिस पर पथराव और फायरिंग कर शहर में बवाल कराने की कोशिश मामले में फरार चल रहे तीन हिस्ट्रीशीटर समेत सात की संपत्ति कुर्क की जाएगी। एसएसपी अनुराग आर्य ने सभी की गिरफ्तारी के लिए 15-15 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। सभी ने शहर में दंगा कराने की कोशिश में अपनी-अपनी अहम भूमिका निभाई थी।

इत्तेहाद मिल्लत कौंसिल (आईएमसी) प्रमुख मौलाना तौकीर रजा खां के आह्वान पर नमाज के बाद आई लव मुहम्मद पोस्टर को लेकर शहर में विरोध प्रदर्शन कर रहे उपद्रवियों ने पुलिस पर पथराव कर फायरिंग करते हुए दुकानों में तोड़-फोड़ की थी। फायरिंग में 22 पुलिस कर्मी घायल हुए थे। इस मामले में पुलिस ने करीब 86 उपद्रवियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है, लेकिन अभी भी कई उपद्रवी फरार चल रहे हैं। जेल में बंद आईएमसी के पार्षद अनीस सकलैनी को राजनीतिक संरक्षण देने वाला नायाब उर्फ निम्मा, उसका बेटा अदनान, दोस्त नदीम और एक गुर्गा बबलू खान भी इनमें शामिल हैं। नायाब, बबलू और नदीम बारादरी थाने के हिस्ट्रीशीटर हैं। इनके साथ ही शाहबाद प्रेमनगर निवासी आईएमसी यूथ के जिलाध्यक्ष अल्तमश रजा, नीम वाली मस्जिद मलूकपुर निवासी अफजाल बेग और मदीना शाह इमामबाड़ा रोहली टोला निवासी साजिद सकलैनी पर 15-15 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है।

पुलिस इन सभी की गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है, लेकिन फरार इनामी आरोपी पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ रहे हैं। इस सभी के खिलाफ शिकंजा कसने की तैयारी पुलिस ने शुरू कर दी है। पुलिस सभी सातों इनामी बवालियों की संपत्ति कुर्क करने की तैयारी शुरू कर दी है। एसएसपी अनुराग आर्य ने बताया कि अनीस सकलैनी को 27 सितंबर को जेल भेजा गया था। अब सात आरोपियों पर इनाम घोषित किया गया है। इनमें शामिल चक महमूद का नायाब उर्फ निम्मा बारादरी थाने का हिस्ट्रीशीटर है। चक महमूद का ही बबलू खान भी बारादरी थाने का हिस्ट्रीशीटर है। उसके खिलाफ छह मुकदमे दर्ज हैं और वह अनीस का खास गुर्गा है। चक महमूद का ही नदीम भी बारादरी थाने का हिस्ट्रीशीटर है। नदीम, अनीस का दोस्त है और सामूहिक दुष्कर्म के मुकदमे में भी आरोपी है। चौथा इनामी आरोपी अनीस का बेटा अदनान सकलैनी है। इनके साथ ही शाहबाद प्रेमनगर निवासी अल्तमश रजा, नीम वाली मस्जिद मलूकपुर निवासी अफजाल बेग और मदीना शाह इमामबाड़ा रोहली टोला निवासी साजिद सकलैनी पर भी इनाम घोषित किया है।

नई उम्र के लड़कों को हिंसा के लिए उकसाया
एसएसपी ने बताया कि अनीस सकलैनी का बेटा अदनान सकलैनी 26 सितंबर को नई उम्र के लड़कों को हिंसा के लिए उकसा रहा था। उसने फोन कॉल और व्हाट्सएप मैसेज करके लड़कों को इस्लामिया मैदान चलने के लिए कहा था। शहामतगंज में पुलिस ने जब भीड़ को तितर-बितर करना शुरू किया तो अदनान ने लड़कों को पथराव करने के लिए उकसाया था। लड़कों को उकसाने से संबंधित अदनान के वीडियो फुटेज भी पुलिस को मिले हैं। सातों इनामी आरोपी तीन अलग-अलग थानों में दर्ज मुकदमों में वांछित हैं। नायाब उर्फ निम्मा, बबलू खान, नदीम, अदनान सकलैनी और साजिद सकलैनी बारादारी थाने से वांछित हैं। बबलू खान और नदीम सगे भाई हैं। अल्तमश रजा प्रेमनगर और बारादरी थाने से वांछित है। अफजाल बेग किला और बारादरी थाने से वांछित हैं।

तौकीर के रिश्तेदार सहित अन्य बिजली चोरों की संपत्ति कुर्की की तैयारी
बवाल के मास्टरमाइंड तौकीर रजा खां के रिश्तेदारों सहित अन्य बिजली चोरों के खिलाफ प्रशासन ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। बिजली विभाग की ओर से आठ आरोपियों के विरुद्ध जारी की गईं 1.67 करोड़ रुपये से अधिक की आरसी के मामले में तहसील सदर ने संपत्ति कुर्क करके जुर्माने की राशि वसूलने को कुर्की करेगी। चार आरोपियों के घरों पर सोमवार को कुर्की नोटिस चस्पा किए गए। धनराशि जमा करने के लिए 21 दिन का समय दिया है। इस अवधि में धनराशि जमा नहीं की तो चल-अचल संपत्ति जब्त की जाएगी।

बिजली विभाग ने आठ लोगों के खिलाफ सवा करोड़ से अधिक की बिजली चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। विद्युत चोरी करने वाले व्यक्तियों ने राजस्व निर्धारण की धनराशि जमा नहीं की थी। इस पर मुख्य अभियंता विद्युत ज्ञान प्रकाश ने 1.30 करोड़ से ज्यादा की वसूली के लिए जिलाधिकारी को पत्र लिखा। जिलाधिकारी के निर्देश पर तहसीलदार सदर ने आरसी में दर्ज धनराशि की वसूली कराने के लिए आरोपियों की चल-अचल संपत्ति की कुर्की करने की कार्रवाई शुरू कर दी है। तहसीलदार के निर्देश पर सोमवार को अमीन प्रेमराज के नेतृत्व में टीम गुलाब नवी के घर पहुंची और कुर्की का नोटिस चस्पा किया। इनके साथ मो. यासीन भइया वसीम खान, साबिर और शहजाद के घरों पर भी कुर्की नोटिस चस्पा किए गए। वहीं, तहसीलदार सदर भानु प्रताप सिंह ने लेखपाल-राजस्व निरीक्षक को आरोपियों की चल-अचल संपत्ति चिह्नित करने के लिखित निर्देश जारी किए हैं।

बिजली चोरी में इतनी धनराशि की जारी हुईं आरसी
वसूली अधिनियम की धारा-5 के अंतर्गत वसीम खान पुत्र हाजी मुल्ला लियाकत निवासी सुर्खा बानखाना की 15,39,046 रुपये, मोनिश खान पुत्र हसन मियां निवासी सुर्खा बानखाना की 22,29,709 रुपये, बरकात रजा खान पुत्र बाबू खान निवासी सुर्खा बानखाना की 37,32,339 रुपये, गुलाम नवी पुत्र सरवर अली निवासी गद्दीवाला चक महमूद, थाना बारादरी की 26,57,065 रुपये और ओमान रजा खान पुत्र मोहम्मद नदीम निवासी सुर्खा बानखाना की 26,92,628 रुपये की आरसी जारी की गई। इनके साथ मो. यासीन भइया पुत्र अहमद निवासी चक महमूद तलइया के पास के विरुद्ध 23,22,958 रुपये, साबिर पुत्र सुलेमान निवासी चक महमूद निकट भूसे की टाल के विरुद्ध 10, 00,668 रुपये, शहजाद पुत्र अहमद अली निवासी चक ओल्ड सिटी के विरुद्ध 5,34,481 रुपये की आरसी जारी की गयी।

तौकीर के रिश्तेदारों की बिजली चोरी पकड़ने पर मुख्य अभियंता को मिला गनर
बरेली जोन प्रथम के मुख्य अभियंता ज्ञान प्रकाश को सरकारी गनर दिया गया है। शहर में हुए बवाल के मास्टरमाइंड मौलाना तौकीर रजा के करीबियों के यहां पर एक करोड़ रुपये से अधिक की बिजली चोरी पकड़ने के अलावा पूर्व के मुकदमे में आरसी जारी करने की कार्रवाई के बाद उन्हें खतरे का अंदेशा होते हुए सरकारी गनर दिया है। मुख्य अभियंता की तरफ से पिछले कई माह से हर रविवार को बडे़ पैमाने पर माॅर्निंग रेड कराकर बिजली चोरी करने वाले उपभोक्ताओं के खिलाफ कार्रवाई कराकर रिपोर्ट दर्ज कराई जा रही है। इसके अलावा 26 सितंबर को शहर में हुए बवाल के बाद मुख्य अभियंता के निर्देश पर बीडीए और नगर निगम की कार्रवाई के बीच मौलाना तौकीर रजा खां के रिश्तेदारों के खिलाफ एक करोड़ से अधिक रुपये की बिजली चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। इसके बाद पुलिस प्रशासन की तरफ से मुख्य अभियंता को सरकारी नगर सुरक्षा के लिए दिया गया है। विभाग में चर्चा है कि प्रदेश में पहली बार किसी बिजली अधिकारी या मुख्य अभियंता को सुरक्षा के लिए गनर मुहैया कराया गया है।

 

संबंधित समाचार