त्योहारों के लिए सजी बाजार... करवा चौथ के साथ दीपावली और छठ पूजा की दिखी रौनक, यहां देखे हाल और दाम
नीरज मिश्र, लखनऊ, अमृत विचार: करवा चौथ की खरीदारी ने कपड़ा बाजार को भी गुलजार कर दिया है। महिलाएं करवा चौथ के साथ दीपावली, छठ पूजा और सहालग की खरीदारी भी कर रही हैं। ज्यादातर महिलाएं करवा चौथ के लिए ऐसे लहंगे और भारी साड़ियां पसंद कर रही हैं, जो शादियों में भी पहन सकें। प्रमुख बाजारों के शोरूम में लहंगा और भारी साड़ियों के नए कलेक्शन महिलाओं को लुभा भी रहे हैं। हल्की साड़ियां और सिल्क की वैरायटी भी उन्हें भा रही हैं।
5.png)
शहर के अमीनाबाद, स्वदेशी मार्केट, गणेश गंज, भूतनाथ इंदिरानगर, गोमतीनगर, अलीगंज, आलमबाग सहित सभी प्रमुख बाजारों में लहगों और सभी तरह की नई रेंज देखने मिल रही है। करवा चौथ के लिए सबसे ज्यादा लाल और चुनरी वाली साड़ियों की मांग है। बनारसी साड़ी भी पसंद की जा रही हैं। आगे सर्दियों को देखते हुए कई महिलाएं सिल्क की साड़ियों को प्राथमिकता दे रही हैं। नवविवाहिताओं की पहली पसंद लहंगे हैं। हालांकि इसे महंगा शौक माना जाता है। कुछ दिन का ही प्रयोग होता है।
5.png)
साड़ियों और लहंगा की नई रेंज- कीमत रुपयों में
लहंगा, हैंडवर्क वाली रेंज- 5,000 से 50,000
सिल्क साड़ियों की रेंज- 1,500 से 30,000
पूजन लाल साड़ी चुनरी- 2,000 से 25,000
बंधेज और खड्डी साड़ी- 2,000 से 20,000
बनारसी, रंगीन जयपुरी-3,000 से 50,000
न केवल करवा चौथ बल्कि पंच दिवसीय त्योहारों के लिए भी महिलाओं ने खरीदारी तेज रफ्तार से शुरू कर दी है। सिल्क, हैंडवर्क, लहंगा, बनारसी समेत तमाम वैरायटी महिलाओं ने खरीदनी शुरू कर दी है। बड़ी रेंज है। गुलाबी सर्दी में सिल्क की साड़ियां ज्यादा पसंद की जा रही हैं।
-प्रभु जालान, साड़ी लहंगा व्यापारी एवं महामंत्री स्वदेशी मार्केट अमीनाबाद
जयपुर, बंधेज, चुनरी लाल साड़ी, खड्डी साड़ियों की अलग रेंज शोरूम पर है। बनारसी और लहंगे की खरीदारी की जा रही है। महिलाएं एक साथ करवा चौथ, दीपावली, छठ पूजा और सहालग की तैयारी कर रही हैं। साड़ी और लहंगा की बड़ी रेंज है। महिलाएं पसंद ही करेंगी।
-उत्तम कपूर, व्यापारी भूतनाथ बाजार, उपाध्यक्ष लखनऊ व्यापार मंडल
